Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsवाराणसी एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान चली गोली, 2 कर्मचारी...

वाराणसी एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान चली गोली, 2 कर्मचारी हुए घायल

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। घटना में एक महिला समेत दो स्क्रीनिंग कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे। अधिकारियों के मुताबिक, यात्री ने अपने पास मौजूद लाइसेंसी हथियार की पहले ही जानकारी दे दी थी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत हथियार की जांच की जा रही थी, तभी अचानक एक राउंड फायर हो गया।

गोली जमीन से टकराकर कर्मचारियों को लगी

बता दे कि गोली पहले फर्श से टकराई और उसके बाद रिकोषे होकर पास में मौजूद दो कर्मचारियों को लगी। हादसे में महिला कर्मचारी सुमन की जांघ में चोट आई, जबकि रोहित राज के हाथ में छर्रे लगे। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पिस्टल और 21 कारतूस मिले

अधिकारियों के मुताबिक, कमलेश के पास लाइसेंसी पिस्टल और 21 कारतूस थे। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। एयरपोर्ट अधिकारियों और पुलिस की टीमें यह जांच कर रही हैं कि हथियार से फायर किन परिस्थितियों में हुआ और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किस तरह किया गया।

यात्री ने बताई फायरिंग की वजह

पूछताछ में यात्री ने कथित तौर पर बताया कि पिस्टल के चैंबर में गोली मौजूद थी, लेकिन उसे लगा कि हथियार खाली है। जांच के दौरान ट्रिगर दबने से फायर हो गया। हालांकि, गोली जानबूझकर चली या दुर्घटनावश, यह जांच का विषय है।

घायल कर्मचारी रोहित ने भी बताया कि हथियार की जांच के दौरान गोली चली और वह तथा महिला कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों की टीम एयरपोर्ट पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कमलेश राय के राजनीतिक संबंधों की भी चर्चा

कमलेश राय मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं और मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं। उनके राजनीतिक संबंधों को लेकर भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, फायरिंग की घटना और उनके राजनीतिक परिचय के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इस पहलू को पुलिस जांच से अलग देखना जरूरी है।

फिलहाल जांच का मुख्य बिंदु यही है कि लाइसेंसी हथियार की स्क्रीनिंग के दौरान गोली कैसे चली और सुरक्षा प्रक्रिया में कहीं चूक हुई या नहीं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन