Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsभोपाल में भारी बारिश से बिगड़े हालात: शिवनगर में कमर तक पानी,...

भोपाल में भारी बारिश से बिगड़े हालात: शिवनगर में कमर तक पानी, घरों में घुसा; ईंटखेड़ी पुल डूबने से बैरसिया रोड बंद

जेल रोड, एयरपोर्ट रोड और बैरागढ़ में भी जलभराव; स्कूलों में छुट्टी, मंत्री सारंग ने प्रभावित इलाकों का किया दौरा

भोपाल | भोपाल में देर रात से हो रही तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और निचले क्षेत्रों में घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया। शिवनगर कॉलोनी में कमर तक पानी भरने से लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई। वहीं ईंटखेड़ी पुल के ऊपर पानी आने के बाद सुरक्षा के लिहाज से भोपाल-बैरसिया मार्ग पर यातायात रोक दिया गया।

शहर के जेल रोड, एयरपोर्ट रोड, बैरागढ़, कैलाश नगर और इंद्रविहार समेत कई इलाकों में भी भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिवनगर में घरों तक पहुंचा पानी

लगातार बारिश के चलते शिवनगर कॉलोनी में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। यहां सड़क पर कमर तक पानी भर गया, जिससे कई घरों में पानी घुस गया। रहवासियों को घरों से पानी निकालने के लिए खुद मशक्कत करनी पड़ी।

कैलाश नगर और बैरागढ़ की साईं बाबा रेसीडेंसी में भी जलभराव की स्थिति बनी। कई जगह सड़क और नालियां पानी से पूरी तरह भर गईं।

कैलाश नगर

ईंटखेड़ी पुल पर पानी, भोपाल-बैरसिया मार्ग बंद

भारी बारिश के कारण भोपाल-बैरसिया मार्ग पर स्थित ईंटखेड़ी सड़क पुल के ऊपर पानी आ गया। इसके बाद प्रशासन ने एहतियातन मार्ग पर आवाजाही रोक दी। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रख रही है।

एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया के मुताबिक, पुल के ऊपर पानी आने के कारण यातायात रोकने की कार्रवाई की गई है।

जेल रोड और एयरपोर्ट रोड पर भी जलभराव

नयापुरा जेल रोड स्थित श्मशान घाट में भी बारिश का पानी भर गया। वार्ड 75 की कंफर्ट ग्रीन कॉलोनी के रहवासियों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क पूरी तरह तालाब में बदल गई है।

वीडियो देखें  https://facebook.com/reel/1074921351728697/

इंद्रविहार कॉलोनी और एयरपोर्ट रोड पर भी कई स्थानों पर जलभराव देखने को मिला। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में स्थिति और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।

बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए भोपाल जिले में नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है। यह आदेश सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू होगा

नरेला के एक स्कूल में पानी भरा

हालांकि, स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचना होगा।

मंत्री सारंग ने प्रभावित इलाकों का किया दौरा

भारी बारिश के बीच मंत्री विश्वास सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के जलभराव वाले इलाकों का दौरा किया। उन्होंने महामाई बाग, राजेंद्र नगर समेत कई स्थानों पर स्थिति का जायजा लिया।

मंत्री ने नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और राशन पहुंचाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई और जलभराव वाले क्षेत्रों में नाले-नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।

जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

भोपाल में एक बार फिर तेज बारिश के बाद जलभराव ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न होने के साथ घरों में पानी घुस गया और प्रमुख मार्ग पर यातायात रोकना पड़ा। मौसम खराब रहने और बारिश जारी रहने पर शहर के अन्य निचले इलाकों में भी परेशानी बढ़ सकती है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन