इंदौर। इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रालामंडल बायपास पर अलसुबह हुआ एक भीषण सड़क हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि तीन घरों की खुशियों का अंत बन गया इस दर्दनाक हादसे में मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और वर्तमान राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल और ट्रांसपोर्ट व्यापारी मन सिमरन सिंह संधू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अनुष्का गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
कार-ट्रक की हुई भीषण टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सभी दोस्त तेज रफ्तार में रालामंडल की ओर से विजय नगर जा रहे थे। इसी दौरान कार और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। तेज रफ्तार नेक्सन कार ट्रक के पीछे जा घुसी। जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इस हादसे में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और सिमरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही एक अन्य युवती अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसका इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी अनुसार, प्रखर कासलीवाल का एक दिन पहले ही जन्मदिन था। जन्मदिन की खुशी मनाने के लिए दोस्त घर से निकले थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह सफर आखिरी साबित होगा।
पुलिस की कारर्वाई
हादसे की सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सभी युवक-युवतियां पार्टी से लौट रहे थे। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


