Saturday, November 14, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजंगल से सटे फार्म हाउस में घोड़े की मौत, बाघ के हमले...

जंगल से सटे फार्म हाउस में घोड़े की मौत, बाघ के हमले की आशंका

सिवनी/नितिन तिवन: जिला मुख्यालय से लगभग आठ किलोमीटर दूर कटंगी रोड स्थित बाम्हनदेही डिपो के पीछे ग्राम पांडरवानी में गुरुवार सुबह एक पालतू घोड़ा मृत मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर घोड़े का शिकार किसी वन्यजीव, संभवतः बाघ, द्वारा किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार एडवोकेट शाहिद रज़ा के फार्म हाउस में तीन पालतू घोड़े हैं। गुरुवार सुबह एक घोड़ा गायब मिला। तलाश करने पर उसका शव फार्म हाउस से लगे जंगल के किनारे मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

फार्म हाउस संचालक शाहिद रज़ा और स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से क्षेत्र में किसी बड़े वन्यजीव की गतिविधियां महसूस की जा रही थीं। घोड़े के मृत मिलने के बाद लोगों ने बाघ की मौजूदगी की आशंका जताई है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। घोड़े की मौत का वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है। फिलहाल बाघ के हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन