Thursday, September 17, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsपुलिस ASI का बेटा कैसे बना भारत का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर?

पुलिस ASI का बेटा कैसे बना भारत का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर?

नई दिल्ली: कभी पंजाब की छात्र राजनीति से जुड़ा एक सामान्य युवक आज भारत के सबसे चर्चित और मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल हो चुका है। यह कहानी सतविंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की है जिस पर हत्या, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, ड्रग्स नेटवर्क और संगठित अपराध जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
भारत सरकार ने उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया है। वहीं अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी उस पर इनाम घोषित किया है। अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां उसके नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई चल रही है|

पंजाब के सामान्य परिवार से अपराध की दुनिया तक का सफर

गोल्डी बराड़ का जन्म पंजाब के मुक्तसर साहिब जिले में हुआ था। उसके पिता पंजाब पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) पद पर तैनात थे। परिवार की इच्छा थी कि वह पढ़-लिखकर एक बेहतर करियर बनाए, लेकिन कॉलेज के दिनों में उसकी जिंदगी ने अलग रास्ता पकड़ लिया था। चंडीगढ़ में पढ़ाई के दौरान उसका संपर्क छात्र राजनीति से हुआ। इसी दौरान वह पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति से जुड़े लोगों के संपर्क में आया और बाद में उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई थी। यही दोस्ती आगे चलकर एक बड़े आपराधिक नेटवर्क में बदल गई।

2017 में कनाडा पहुंचा गोल्डी

जब उसके बदलते व्यवहार से परिवार को चिंता हुई तो साल 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भेज दिया गया था। कनाडा पहुंचने के बाद उसने कुछ समय छोटे-मोटे काम किए, लेकिन जांच एजेंसियों के अनुसार वह लगातार भारत में मौजूद अपने आपराधिक संपर्कों के साथ जुड़ा रहा।धीरे-धीरे उसने विदेश में बैठकर गैंग ऑपरेशन को संभालने का तरीका अपनाया।एजेंसियों का दावा है कि उसने कनाडा से ही अपने नेटवर्क को मजबूत करना शुरू किया था।

ये भी पढ़े ईरान से सीजफायर खत्म, अब किसी समझौते का सवाल नहीं- ट्रम्प

गुरलाल बराड़ की हत्या बनी बड़ा मोड़

साल 2020 में चंडीगढ़ में गोल्डी बराड़ के करीबी रिश्तेदार गुरलाल बराड़ की हत्या कर दी गई थी। इस घटना को उसके अपराधी सफर में बड़ा मोड़ माना जाता है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इसके बाद गोल्डी ने बदले की भावना से अपना नेटवर्क और ज्यादा सक्रिय किया और टारगेट किलिंग, रंगदारी और गैंग गतिविधियों में उसकी भूमिका बढ़ती गई।

लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी

लॉरेंस बिश्नोई के जेल में रहने के दौरान उसके गैंग के विदेशी ऑपरेशन को संभालने में गोल्डी बराड़ की अहम भूमिका हुई थी| जांच एजेंसियों के मुताबिक, लॉरेंस और गोल्डी का नेटवर्क अलग-अलग देशों और राज्यों में फैले लोगों के जरिए काम करता था। गोल्डी खुद घटनास्थल पर जाने के बजाय विदेश में बैठकर योजनाओं को अंजाम देने का आरोप झेल रहा है।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद आया चर्चा में

29 मई 2022 को पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद गोल्डी बराड़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया।जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मामले में गोल्डी बराड़ ने विदेश से कथित रूप से ऑपरेशन को कोऑर्डिनेट किया। हालांकि मामले में अंतिम निष्कर्ष अदालत और जांच प्रक्रिया पर निर्भर हैं।

FBI ने घोषित किया इनाम

अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने गोल्डी बराड़ पर इनाम घोषित किया है। अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, उसका नेटवर्क उत्तर अमेरिका में भी सक्रिय रहा है।उस पर संगठित अपराध, हत्या की साजिश, हथियारों की तस्करी और अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े मामलों में जांच चल रही है।

भारत सरकार ने घोषित किया आतंकवादी

जनवरी 2024 में भारत सरकार ने गोल्डी बराड़ को UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया। उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई के लिए विभिन्न देशों की एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

क्या गोल्डी बराड़ अब भी सक्रिय है?

जांच एजेंसियों के अनुसार, गोल्डी बराड़ लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा है और विदेश से नेटवर्क संचालित करने की कोशिश करता रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।एक पुलिस अधिकारी के बेटे से अंतरराष्ट्रीय अपराध नेटवर्क के कथित सरगना तक का सफर कई सवाल खड़े करता है कि कैसे गलत संगत, अपराधी नेटवर्क और विदेशों में बैठकर संचालित होने वाले गिरोह युवाओं को अपराध की दुनिया में धकेल सकते हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

13 to 19 September 2026
6 to 12 September 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन