नैनपुर : मध्यप्रदेश के नैनपुर में बीच बाजार क्षेत्र में एक दुकानदार द्वारा कथित रूप से अवैध निर्माण तेजी से किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका नैनपुर द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका अध्यक्ष को भी मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, स्थानीय संगठन द्वारा इस संबंध में नैनपुर एसडीएम और नगर पालिका नैनपुर को शिकायत पत्र भी सौंपा गया है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है।

नगर के नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य खुलेआम जारी है, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर न तो जांच कर रहे हैं और न ही कोई कार्रवाई कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते इस निर्माण को नहीं रोका गया, तो भविष्य में बाजार क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण को बढ़ावा मिल सकता है।
अवैध निर्माण खुलेआम उड़ा रहा सरकारी तंत्र की धज्जियां
नगरवासियों का कहना है कि अवैध निर्माण के मामलों में प्रशासन की निष्क्रियता से नियमों का उल्लंघन करने वालों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि संबंधित निर्माण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि निर्माण नियमों के विरुद्ध पाया जाए तो तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से मांग की है कि अवैध निर्माण के मामलों में बिना किसी पक्षपात के कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

