हैदराबाद : तेलंगाना के नलगोंडा में पुलिस ने 48 वर्षीय स्कूल प्रिंसिपल कल्लू रूपा रेड्डी की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों छात्रों ने पैसे और आलीशान जीवनशैली के लिए हत्या की साजिश रची थी।
कोंडामल्लेपल्ली स्थित नागार्जुन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल और निदेशक रूपा रेड्डी का शव 12 अगस्त की सुबह उनके घर से बरामद हुआ था। उनके शरीर पर चाकू से 27 वार किए गए थे।
घटना के समय रूपा रेड्डी के पति हैदराबाद में थे। उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रूपा रेड्डी को मृत पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच टीमें गठित कीं। टीमों ने CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य, फिंगरप्रिंट, तकनीकी डेटा और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की तथा 80 से अधिक लोगों से पूछताछ की।
‘बाबू’ शब्द बना बड़ा सुराग
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला। रूपा रेड्डी ने फोन बंद होने से पहले अपनी आंटी से बातचीत में ‘बाबू’ शब्द का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश की कि वह किसके बारे में बात कर रही थीं। इसी सुराग ने जांच को स्कूल के छात्रों तक पहुंचाया।
पुलिस ने छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की। जांच में कक्षा 10 के पांच ऐसे छात्रों का पता चला, जो स्कूल से अनुपस्थित चल रहे थे। इनमें से दो छात्र पिछले कुछ दिनों में अचानक काफी पैसे खर्च कर रहे थे और पार्टियां भी कर रहे थे।
दोनों को बुधवार सुबह हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने कथित तौर पर हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
प्रिंसिपल की डांट से पैदा हुई थी नाराजगी
पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्रों के हॉस्टल बैग से पहले नकदी और एक मोबाइल फोन मिला था। रूपा रेड्डी ने इसकी जानकारी उनके माता-पिता को दी थी और दोनों छात्रों को हॉस्टल से हटाकर डे-स्कॉलर बना दिया गया था।
पुलिस को शक है कि इसी घटना के बाद छात्रों के मन में प्रिंसिपल के प्रति नाराजगी पैदा हुई।
पांच दिन तक की रेकी, खरीदा चाकू और दस्ताने
आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी की योजना पांच दिन पहले बनाई थी। उन्होंने रूपा रेड्डी के घर की रेकी की और पहचान छिपाने के लिए दस्ताने तथा मंकी कैप खरीदी।
वारदात के दिन एक आरोपी मंकी कैप और दस्ताने पहनकर घर में दाखिल हुआ। उसे बेडरूम में करीब 2.50 लाख रुपये मिले। वह पैसे लेकर भागने लगा, लेकिन इसी दौरान उसकी मंकी कैप खिसक गई और रूपा रेड्डी ने उसे पहचान लिया।
पुलिस के मुताबिक, पहचान उजागर होने के डर से आरोपी ने रूपा रेड्डी पर चाकू से 27 बार वार कर उनकी हत्या कर दी।
खून से सने कपड़े दफनाए, फिर गोवा गए
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने खून से सने कपड़े और मंकी कैप को जमीन में दफना दिया। इसके बाद दोनों कथित तौर पर गोवा भी घूमने गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.54 लाख रुपये नकद, कुछ खून के दाग वाले नोट, आरोपियों द्वारा खरीदा गया iPhone और रूपा रेड्डी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों छात्रों ने वारदात से पहले एक वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म पर जल्दी पैसे कमाने के तरीके तलाशे थे।

