तेहरान। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच ईरानी सेना का एक हेलीकॉप्टर मध्य ईरान के एक व्यस्त फल-सब्जी बाजार में क्रैश हो गया। इस हादसे में दो पायलट समेत कुल चार लोगों की जान चली गई। यह घटना राजधानी तेहरान से लगभग 330 किलोमीटर दक्षिण में, दोरचेह शहर में हुई, जो इस्फहान प्रांत का हिस्सा है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक हेलीकॉप्टर नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था, तभी अचानक तकनीकी गड़बड़ी के बाद वह रिहायशी इलाके के पास स्थित बाजार में जा गिरा।
हादसे कैसे हुआ ?
बता दें ईरान के सरकारी प्रसारण माध्यम Islamic Republic of Iran Broadcasting ने पुष्टि करते हुए बताया कि- दुर्घटना में पायलट और को-पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अर्ध-आधिकारिक एजेंसी Fars News Agency के अनुसार बाजार में मौजूद दो नागरिक भी मारे गए। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक हेलीकॉप्टर ने इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन घनी आबादी वाले क्षेत्र में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। फिलहाल जांच एजेंसियां तकनीकी खराबी, मौसम और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही हैं।
क्षेत्रीय तनाव के बीच सुरक्षा पर सवाल
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब ईरान और अमेरिका के बीच रिश्तों में तनाव बना हुआ है। इसी प्रांत में जून के दौरान ईरान-इजरायल संघर्ष के समय अमेरिका ने एक परमाणु ठिकाने पर एयरस्ट्राइक की थी। ऐसे में इस सैन्य दुर्घटना ने सुरक्षा प्रबंधन और वायुसेना की परिचालन तैयारियों पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच जारी, बाजार क्षेत्र सील
जानकारी अनुसार, स्थानीय प्रशासन ने इलाके को सील कर राहत और बचाव अभियान पूरा कर लिया है। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की गई है, जबकि सैन्य अधिकारियों ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। यह हादसा न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था बल्कि क्षेत्रीय अस्थिरता के दौर में सैन्य तैयारियों की स्थिति पर भी गंभीर बहस छेड़ रहा है।
एक हफ्ते में दूसरी बड़ी दुर्घटना
गौरतलब है कि एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी सैन्य विमान दुर्घटना है। हाल ही में पश्चिमी शहर हामेदान के पास एक F-4 फाइटर जेट क्रैश हुआ था, जिसमें एक पायलट की मौत हो गई थी।


