इंग्लैंड| टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत से हारने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम का सफर खत्म हो गया। इस हार के बाद टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हाल के समय में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है, जिसके चलते इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) आने वाले समय में कोचिंग स्टाफ में बदलाव पर विचार कर सकता है।
दरअसल, एशेज सीरीज में मिली करारी हार और टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद टीम की रणनीति और कोचिंग पर भी चर्चा तेज हो गई है। ऐसे में कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों के नाम सामने आ रहे हैं, जिन्हें भविष्य में इंग्लैंड टीम का नया हेड कोच बनाया जा सकता है।
संभावित उम्मीदवारों में पूर्व इंग्लिश बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट का नाम प्रमुख माना जा रहा है। ट्रॉट ने इंग्लैंड के लिए 52 टेस्ट मैचों में 3835 से ज्यादा रन बनाए थे और कोच के रूप में अफगानिस्तान टीम के साथ भी अच्छा काम किया है। उनके मार्गदर्शन में अफगानिस्तान ने कई मजबूत टीमों को हराया और 2024 में पहली बार आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
इसके अलावा इंग्लैंड के पूर्व स्टार ऑलराउंडर एंड्रू फ्लिंटॉफ, श्रीलंका के महान बल्लेबाज कुमार संगकारा, इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान ऑयन मॉर्गन और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज गैरी कर्स्टन भी इस रेस में शामिल बताए जा रहे हैं। फ्लिंटॉफ को इंग्लैंड लायंस टीम के साथ कोचिंग का अनुभव है, संगकारा आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के साथ काम कर चुके हैं, जबकि मॉर्गन की रणनीतिक समझ और गैरी कर्स्टन का सफल कोचिंग अनुभव इंग्लैंड टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।


