हुसैन टेकरी से 10 किलो एमडी जब्त, एमपी-महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रतलाम। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस ने नशे के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रतलाम जिले के जावरा स्थित हुसैन टेकरी क्षेत्र से लगभग 10 किलो एमडी ड्रग जब्त की है। करीब 10 करोड़ रुपये कीमत की इस नशीली खेप के साथ दो तस्करों को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। वहीं एक आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया है। मामले की जांच अब अंतरराज्यीय नेटवर्क को आधार मानते हुए पुलिस कर रही है।
महाराष्ट्र की मुंब्रा पुलिस और रतलाम पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले को लेकर बड़ी सफलता हासिल की है। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हुसैन टेकरी इलाके में की गई इस छापेमारी में दो एमडी ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से करीब 10 किलो एमडी ड्रग बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मुंबई में एमडी ड्रग की एक खेप पकड़ी गई थी। पूछताछ के दौरान सामने आया कि इसकी सप्लाई मंदसौर जिले से हो रही थी। इसी के आधार पर मुंब्रा पुलिस ने तस्करों से संपर्क कर 10 किलो एमडी की डील फाइनल की। डिलीवरी के लिए रतलाम जिले के जावरा स्थित हुसैन टेकरी क्षेत्र को चुना गया।
पुख्ता सूचना मिलने पर मुंब्रा पुलिस की टीम रतलाम पहुंची। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में जावरा पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाई गई और इलाके में घेराबंदी कर दबिश दी गई। मौके से दो तस्करों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया, जबकि एक अन्य आरोपी भागने में सफल हो गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपी मंदसौर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल मुंब्रा पुलिस उन्हें न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जाएगी, जहां उनसे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। फरार आरोपी की तलाश में रतलाम पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी कामयाबी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।