Tuesday, August 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsJPSC-JSSC आंदोलन उग्र: छात्र विधानसभा कैंपस में घुसे; लाठीचार्ज और आंसू गैस...

JPSC-JSSC आंदोलन उग्र: छात्र विधानसभा कैंपस में घुसे; लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़े

रांची। झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। हजारों की संख्या में छात्र विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई बार लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। झड़प के दौरान कुछ छात्रों के घायल होने की सूचना है।

वहीं, परीक्षा विवाद से जुड़े मामले में CID ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते को गिरफ्तार कर लिया। 21 जुलाई को JPSC कार्यालय में छापेमारी के बाद उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद से CID उनसे पूछताछ कर रही थी।

छह लेयर की सुरक्षा, फिर भी बैरिकेडिंग तोड़ आगे बढ़े छात्र

छात्र सुबह करीब 10 बजे ओल्ड विधानसभा के पास जुटे। यहां से वे विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग के साथ छह लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की थी। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए थे। CCTV कैमरों से भी निगरानी की जा रही थी।

प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उसे हटाकर आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के बावजूद कई छात्र बैरिकेडिंग पर डटे रहे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने वहीं राष्ट्रगान भी गाया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और कई बार लाठीचार्ज किया।

छात्रों ने पानी की बोतल और चप्पलें फेंकीं

पुलिस कार्रवाई के दौरान प्रदर्शनकारियों और जवानों के बीच कई बार टकराव की स्थिति बनी। पुलिस के लाठीचार्ज में कुछ छात्रों को चोटें आईं। जवाब में कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंकीं। एक घायल छात्र ने लाठीचार्ज के बाद अपनी पीठ पर पड़े निशान भी दिखाए।

छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व आंदोलन को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस को ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई करनी चाहिए।

17 दिन से आंदोलन, छह छात्र भूख हड़ताल पर

JPSC और JSSC की कथित गड़बड़ियों के खिलाफ छात्र पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। छात्र परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो समेत छह छात्र भूख हड़ताल पर हैं।

देवेंद्रनाथ महतो नौ दिन की भूख हड़ताल के बावजूद एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में पहुंचे। उन्हें स्ट्रेचर पर प्रदर्शन में शामिल होते देखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

महतो ने कहा कि सरकार के साथ छात्रों की तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

बाबूलाल मरांडी बोले- पूर्व अध्यक्ष की गिरफ्तारी दिखावा

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एल. ख्यांग्ते की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व JPSC अध्यक्ष की गिरफ्तारी सिर्फ दिखावा है और सरकार मामले को आगे चलकर ठंडे बस्ते में डाल सकती है।

मरांडी ने कहा कि छात्रों की मांग केवल JPSC तक सीमित नहीं है। उन्होंने JSSC-CGL, सहायक आचार्य, उत्पाद सिपाही और PGT जैसी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने सरकार से JPSC के तीनों सदस्यों के साथ-साथ JSSC-CGL से जुड़े तत्कालीन अधिकारियों और अन्य कथित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की है।

आंदोलन के बीच बढ़ा सरकार पर दबाव

विधानसभा घेराव और पूर्व JPSC अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद परीक्षा विवाद को लेकर सरकार पर राजनीतिक और छात्र संगठनों का दबाव बढ़ गया है। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। विधानसभा परिसर में प्रदर्शनकारियों के प्रवेश के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन