मुंबई: ‘कर गई चुल्ल’ फेम सिंगर सुकृति कक्कड़ ने अपने फैंस के साथ बड़ी खुशखबरी शेयर की है। सुकृति ने अपने बॉयफ्रेंड और बिजनेसमैन शौमिक शेट्टी से सगाई कर ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रपोजल और सगाई की खूबसूरत तस्वीरें शेयर कर अपने रिश्ते के नए पड़ाव की झलक दिखाई है।
घुटनों पर बैठकर शौमिक ने पहनाई अंगूठी
सुकृति कक्कड़ ने इंस्टाग्राम पर सगाई की कई तस्वीरें साझा की हैं। पहली तस्वीर में शौमिक उनके सामने घुटनों पर बैठे नजर आ रहे हैं और सुकृति को डायमंड रिंग पहनाते दिख रहे हैं। तस्वीरों में दोनों काफी खुश नजर आ रहे हैं।
प्रपोजल के दौरान पीछे हरे-भरे मैदान और खूबसूरत प्राकृतिक नजारा दिखाई दे रहा है। इसके बाद की तस्वीरों में दोनों साथ में रोमांटिक पल बिताते नजर आए। एक फोटो में कपल खूबसूरत लोकेशन पर डिनर डेट का आनंद लेते भी दिखाई दे रहा है।
सुकृति ने लिखा- आज, कल और हमेशा
सुकृति ने तस्वीरों में अपनी डायमंड एंगेजमेंट रिंग भी फ्लॉन्ट की। तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘आज, कल और हमेशा।’ इसके साथ उन्होंने हार्ट और रिंग वाली इमोजी भी शेयर की।
सुकृति की सगाई की तस्वीरें सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाइयां देना शुरू कर दिया।
‘कर गई चुल्ल’ से मिली थी खास पहचान
सुकृति कक्कड़ बॉलीवुड की लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में शामिल हैं। उन्हें फिल्म ‘कपूर एंड संस’ के हिट गाने ‘कर गई चुल्ल’ से खास पहचान मिली थी। इसके अलावा वह ‘झूमे जो पठान’, ‘मैंने तुझको देखा’ और ‘हमराह’ जैसे गानों के लिए भी जानी जाती हैं। सुकृति ने अपनी जुड़वां बहन प्रकृति कक्कड़ के साथ भी कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में काम किया है।
कौन हैं शौमिक शेट्टी?
शौमिक शेट्टी मुंबई के बिजनेसमैन हैं और वेलनेस, हॉस्पिटैलिटी तथा लग्जरी एक्सपीरियंस से जुड़े कारोबार में काम करते हैं। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह मुंबई स्थित लग्जरी पैडल क्लब कोर्टसाइड के को-फाउंडर हैं।

