लांजी। जैन कलार समाज सेवा न्यास (ट्रस्ट) लांजी की नई प्रबंध कार्यकारिणी का निर्वाचन शनिवार, 13 दिसंबर 2025 को श्री कलार समाज भवन, आमगांव रोड, लांजी में शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुआ। वर्तमान प्रबंध कार्यकारिणी का तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत विधिवत निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ
निर्वाचन कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ हुई, जिसमें जैन कलार समाज सेवा न्यास (ट्रस्ट) के संस्थापक सदस्य एवं आजीवन सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।
अधिकांश पदों पर सर्वसम्मति, अध्यक्ष पद पर मतदान
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अधिकांश पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया। उपाध्यक्ष पद पर योगेश रामटेक्कर और अरुणेन्द्र दुरूगकर, सचिव पद पर भूपेन्द्र रहमतकर, सहसचिव पद पर रमेश आसटकर और चन्द्रकांत किरनापुरे, कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश रणदिवे और सह-कोषाध्यक्ष पद पर गोविंद सोनवाने को सर्वसम्मति से निर्वाचित किया गया।
सदस्य पदों पर भी हुआ चयन
सदस्य पदों के लिए संतोष तिड़के, मधुकर आसटकर, डॉ. राजेश रणदिवे, हरिराम मुरकुटे एवं नूतेन्द्र रहमतकर को सर्वसम्मति से चुना गया। अध्यक्ष पद के लिए दो नाम सामने आने के कारण मतदान प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें बहुमत के आधार पर ओंकारलाल आसटकर को अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन अधिकारियों की भूमिका सराहनीय
सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार रणदिवे, योगराज सोनवाने और लीलाराम मुरकुटे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. किशोर सोनवाने द्वारा किया गया।
समाजहित में कार्य करने का संकल्प
नव-निर्वाचित अध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारियों ने उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में मिलजुलकर कार्य करने और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पूर्व पदाधिकारी, संस्थापक सदस्य एवं आजीवन सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



