खजुराहो: एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी राष्ट्रीय ग्राहक संतुष्टि सूचकांक (National Customer Satisfaction Index) में मध्य प्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट को देश में पहला स्थान मिला है। खास बात यह है कि फिलहाल एयरपोर्ट से कोई नियमित घरेलू कमर्शियल फ्लाइट संचालित नहीं हो रही है।
ग्राहक संतुष्टि का आकलन एयरपोर्ट की साफ-सफाई, पार्किंग, सुरक्षा, यात्रियों की सुविधाएं, वातावरण, स्टाफ का व्यवहार समेत 33 अलग-अलग मानकों के आधार पर किया गया। रैंकिंग यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर तैयार की गई है।
एयरपोर्ट पर सन्नाटा, स्टाफ अपनी ड्यूटी पर
वर्तमान में नियमित उड़ानें नहीं होने के कारण खजुराहो एयरपोर्ट के टर्मिनल पर यात्रियों की भीड़ नजर नहीं आती। एयरपोर्ट परिसर में CISF जवान, एयरपोर्ट अथॉरिटी का स्टाफ और सफाई कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।
एयरपोर्ट परिसर और सड़कें साफ-सुथरी नजर आती हैं। पार्किंग में भी मुख्य रूप से स्टाफ के वाहन ही दिखाई देते हैं। एयरपोर्ट पर करीब 2,286 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे है। यहां इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और नाइट लैंडिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
हालांकि, नियमित कमर्शियल उड़ानें नहीं होने के कारण इन सुविधाओं का इस्तेमाल सीमित हो गया है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, कभी-कभी चार्टर विमानों की आवाजाही होती है।
30 जून को संचालित हुई थी आखिरी नियमित फ्लाइट
खजुराहो एयरपोर्ट के डायरेक्टर संतोष सिंह के मुताबिक, जनवरी से जून 2026 के बीच एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों के फीडबैक के आधार पर ग्राहक संतुष्टि रैंकिंग तैयार की गई।
इस अवधि में करीब 40 हजार यात्रियों ने खजुराहो एयरपोर्ट से यात्रा की। 30 जून को इंडिगो की आखिरी नियमित उड़ान संचालित हुई थी। उस दिन करीब 154 यात्री खजुराहो पहुंचे, जबकि लगभग 130 यात्री यहां से रवाना हुए थे। जुलाई और अगस्त में एयरपोर्ट से नियमित कमर्शियल फ्लाइट उपलब्ध नहीं है।
1 सितंबर से शुरू होगी दिल्ली-खजुराहो उड़ान
खजुराहो एयरपोर्ट पर जल्द ही नियमित हवाई सेवा बहाल होने जा रही है। 1 सितंबर से एयर इंडिया की दिल्ली-खजुराहो-दिल्ली उड़ान शुरू होने की जानकारी दी गई है।
प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, विमान दिल्ली से सुबह 11:50 बजे खजुराहो पहुंचेगा और दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। इसके अलावा इंडिगो भी 1 अक्टूबर से एयरबस सेवा बहाल करने की तैयारी में है। यदि दोनों सेवाएं शुरू होती हैं, तो खजुराहो की एयर कनेक्टिविटी में सुधार होने की उम्मीद है।
1960 के दशक में शुरू हुआ था एयरपोर्ट
खजुराहो एयरपोर्ट की शुरुआत 1960 के दशक में हुई थी। वर्ष 2019 तक यहां नियमित विमान सेवाएं संचालित होती रहीं। मार्च 2020 में कोरोना महामारी के दौरान उड़ान सेवाएं पहली बार प्रभावित हुईं। इसके बाद से एयर कनेक्टिविटी में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
एक तरफ खजुराहो एयरपोर्ट को यात्री संतुष्टि के मामले में देश में नंबर-1 रैंकिंग मिली है, वहीं दूसरी तरफ नियमित उड़ानों का अभाव पर्यटन और स्थानीय कारोबार के लिए चुनौती बना हुआ है।

