भोपाल। मध्यप्रदेश की 1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं के लिए आज का दिन आर्थिक सहायता लेकर आएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को शिवपुरी जिले के पिछोर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त की राशि हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1,24,81,550 पात्र महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपये के हिसाब से कुल 1831.77 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। जून 2023 में योजना की शुरुआत के समय हितग्राहियों को 1000 रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे। इसके बाद सरकार ने दो चरणों में सहायता राशि बढ़ाई। वर्तमान में प्रत्येक पात्र महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं।
योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं को अपनी जरूरतों और घरेलू खर्चों के लिए कुछ हद तक आर्थिक स्वतंत्रता मिल रही है।
शिवपुरी को 221 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के साथ ही शिवपुरी जिले को 221 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण तथा नई प्रस्तावित परियोजनाओं का भूमिपूजन शामिल है।
कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को महिला हितग्राहियों को आर्थिक सहायता देने के साथ शिवपुरी जिले के विकास कार्यों को गति देने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

