बालाघाट: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 100 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शासकीय माध्यमिक शाला लामता में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया। शिविर में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणाम, कानून और नशे से दूर रहने की समझाइश दी गई।
शिविर में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हेमंत सविता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कराना बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत कानूनी अपराध है। इसमें न सिर्फ विवाह कराने वाले, बल्कि सहयोग करने वाले भी दोषी माने जाते हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकना हम सबकी जिम्मेदारी है। कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो चुप न रहें, तुरंत पुलिस या विधिक सेवा प्राधिकरण को सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी बच्चे का भविष्य बचा सकती है।
सविता ने कहा कि कम उम्र में विवाह से बच्चों की पढ़ाई छूट जाती है, स्वास्थ्य बिगड़ता है और पूरा भविष्य अंधकार में चला जाता है। इसलिए बच्चों को विवाह नहीं, शिक्षा के लिए प्रेरित करना चाहिए। विवाह तभी हो जब युवक-युवती शारीरिक और मानसिक रूप से परिपक्व हों। शिक्षित और आत्मनिर्भर बनकर ही वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
शिविर में उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर, महिला, बच्चे और वंचित वर्ग के लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता दी जाती है। साथ ही नालसा डॉन स्कीम 2026 के तहत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अच्छे संस्कार अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया।
यह भी पढ़ें: SNCU की मेहनत लाई रंग: मौत से जूझ रहे तीन नवजात स्वस्थ होकर लौटे घर, 51 दिन तक चला इलाज
यह अभियान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर 21 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है। शिविर में शाला के प्रधानाध्यापक जगदीप धनकर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

