गुजरात: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सांसद यूसुफ पठान को लेकर गुजरात से बड़ी खबर सामने आई है। गुजरात सरकार ने वडोदरा में उन्हें 978 वर्ग मीटर का प्लॉट देने की मंजूरी दे दी है। इस जमीन की कुल कीमत करीब 20.53 करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक, इसमें से 500 वर्ग मीटर जमीन मुफ्त दी जाएगी, जिसकी कीमत लगभग 10.50 करोड़ रुपये है।
वहीं, बाकी 478 वर्ग मीटर जमीन के लिए निर्धारित कीमत का 55 प्रतिशत भुगतान करना होगा। इसके तहत यूसुफ पठान को करीब 5.52 करोड़ रुपये देने होंगे।
इस जमीन आवंटन को लेकर पहले गुजरात सरकार और यूसुफ पठान के बीच विवाद भी सामने आया था। अब सरकार की मंजूरी के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है।
नगर निगम को जरूरी आदेश जारी किए
इस संबंध में नगर निगम को जरूरी आदेश जारी कर दिए गए हैं। नगर निगम आयुक्त ने प्लॉट आवंटन का प्रस्ताव मंजूरी के लिए स्थायी समिति के सामने रखा है। हालांकि, प्लॉट के मालिकाना हक लेने के लिए अभी अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है। इस जमीन को लेकर गुजरात सरकार और यूसुफ पठान के बीच 14 साल से विवाद था।
यूसुफ पठान ने 14 जून को तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हो गए थे। उनके साथ TMC के 19 अन्य सांसदों के भी पार्टी छोड़ने का दावा किया गया था।
यूसुफ ने 2012 में जमीन मांगी थी
यूसुफ पठान का घर वडोदरा के तांदलजा इलाके में है। उनके घर के पास शुभम पार्टी प्लॉट के नजदीक 978 वर्ग मीटर जमीन है। साल 2012 में पठान ने यह जमीन मांगी थी। नगर निगम ने प्रस्ताव मंजूर किया, लेकिन राज्य सरकार ने इसे खारिज कर दिया।
इसके बाद जमीन पर बाउंड्री वॉल और पशुओं के लिए शेड बनाया गया। नगर निगम का नोटिस मिलने पर पठान हाईकोर्ट गए थे। अब 14 साल बाद जमीन देने की प्रक्रिया फिर शुरू हुई है।

