भोपाल। मप्र महिला कांग्रेस द्वारा महिला आरक्षण कानून को तत्काल प्रभाव से लागू करने तथा इसमें ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग की महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने की मांग को लेकर देशव्यापी पोस्टकार्ड अभियान प्रारंभ किया गया है। इसी क्रम में आज टीटी नगर पोस्ट ऑफिस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड प्रेषित किए गए।
महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि महिला आरक्षण कानून का शीघ्र क्रियान्वयन देश की महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि आरक्षण के दायरे में समाज के सभी वर्गों—विशेषकर ओबीसी, एससी एवं एसटी महिलाओं को उनका न्यायोचित प्रतिनिधित्व मिल सके। इस दौरान संतोष कंसाना (पूर्व पार्षद), रूपाली शर्मा (महासचिव), महक राणा (महासचिव), रतन पांडे (ब्लॉक अध्यक्ष), माया विश्वकर्मा, रेखा मोड सहित महिला कांग्रेस की तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि महिला आरक्षण कानून को बिना किसी विलंब के लागू किया जाए एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप सभी वर्गों की महिलाओं को इसमें समान अवसर प्रदान किया जाए।

