सागर:जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। इस मामले में तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है, जबकि एक उपायुक्त को मुख्यालय अटैच किया गया है।
राज्य सरकार ने दिखाई मामले पर सख्ती
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद राज्य शासन ने सख्त कार्रवाई की है। गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में नकली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के मामले में सरकार ने आबकारी विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है।
आबकारी महकमे में मचा हड़कंप
सरकार की कार्रवाई के बाद आबकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रशासन अब पूरे मामले की जांच के साथ अवैध और नकली शराब के नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने में जुटा है।
तीन आबकारी अधिकारी निलंबित
राज्य शासन ने मामले में सागर जिले में पदस्थ तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया है। इनमें सागर में सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते एवं बंडा सर्किल में आबकारी उप निरीक्षक राशनी उरेती शामिल हैं। इसके अलावा उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है।

