हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर 492 करोड़ रुपये से अधिक की कुल धनराशि को मंजूरी दी है। कुंभ मेले के अस्थायी अधिष्ठान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए राज्य सेक्टर से 175 करोड़ और केंद्र अनुमोदित कार्यों के लिए 317 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके साथ ही सीएम ने अल्मोड़ा जनपद की सल्ट विधानसभा क्षेत्र के गैरखेत-बलमरा-सराईखेत मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 6.13 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी।
सरकार के इस फैसले से जहां एक ओर कुंभ मेले के बुनियादी ढांचे को रफ्तार मिलेगी, वहीं दूसरी ओर अल्मोड़ा के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा।
निर्माण कार्यों के लिए 2.67 करोड़ की धनराशि स्वीकृत
सीएम ने राज्य योजना के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार के विधान सभा क्षेत्र बीएचईएल रानीपुर में 03 निर्माण कार्यों के लिए 2.67 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। सीएम द्वारा जनपद पिथौरागढ़ में विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के अंतर्गत विकासखण्ड मूनाकोट के ग्राम पंचायत लामाखेत में सकत्या बड़बाप मंदिर के सौंदर्यीकरण के साथ दीवार एवं धर्मशाला निर्माण कार्य के लिए 45.03 लाख की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
ये भी पढे़ं: मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक,विभिन्न विषयों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई
अपर बैगुल नहर के जीर्णाेद्धार के लिए 7.84 करोड़ की धनराशि स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने छठवां राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों की प्रत्याशा में पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के आधार पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में संक्रमित धनराशि के समान ही तदर्थ आधार पर समस्त जिला पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की तृतीय त्रैमासिक किश्त के लिए 82.21 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। उनके द्वारा जनपद उधमसिंह नगर में सितारगंज विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत सिडकुल से पण्डरी तक अपर बैगुल नहर के जीर्णाेद्धार के लिए 7.84 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है। उन्होंने जनपद पौड़ी गढ़वाल में विकासखण्ड रिखणीखाल के ग्राम ढिकोलिया में स्प्रिंकलर आधारित नलकूप के निर्माण के लिए 1.43 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।

