नई दिल्ली: टाटा ग्रुप की कूलिंग प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी वोल्टास में बड़ा नेतृत्व बदलाव होने जा रहा है। कंपनी के चेयरमैन और डायरेक्टर नोएल एन. टाटा 11 नवंबर 2026 को अपने पद से रिटायर होंगे। 70 साल की उम्र पूरी होने के चलते टाटा ग्रुप की गाइडलाइंस के तहत उन्होंने रिटायरमेंट का फैसला लिया है।
वहीं, उनके रिटायरमेंट के बाद कंपनी बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर से चेयरमैन एमेरिटस यानी मानद चेयरमैन नियुक्त करने का निर्णय लिया है।
सुनील डिसूजा वोल्टास के नए चेयरमैन होंगे
बोर्ड ने टाटा ग्रुप की FMCG कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO सुनील डिसूजा को वोल्टास का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। डिसूजा 12 नवंबर 2026 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
डिसूजा की लीडरशिप में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स टाटा साल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा सम्पन्न जैसे बड़े ब्रांड्स के तहत नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और बेवरेज का कारोबार करती है।
नियमों के कारण नोएल टाटा का रिटायरमेंट
कंपनीज एक्ट 2013 के मुताबिक कोई भी व्यक्ति 70 साल या उससे ज्यादा उम्र होने पर MD या होल-टाइम डायरेक्टर के पद पर नहीं रह सकता और न ही उसका री-अपॉइंटमेंट होगा।
12 नवंबर 1956 को जन्मे नोएल टाटा 12 नवंबर 2026 को 70 साल के हो जाएंगे। नोएल टाटा साल 2003 से वोल्टास कंपनी से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन भी हैं।
ग्रुप की इसी पॉलिसी के तहत नोएल टाटा ने कुछ महीनों पहले टाटा ग्रुप की रिटेल फर्म ट्रेंट के चेयरमैन पद से भी इस्तीफा दे दिया था।
ये भी पढ़ें: मप्र भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, डॉ. निशांत खरे बने प्रदेश कार्यालय प्रभारी
जयंत बालन नए मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किए गए
कंपनी के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर सीपी मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई 2027 को खत्म हो रहा है। वे टाटा ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत रिटायर होंगे।
जयंत बालन को 25 मई 2027 से 5 साल के कार्यकाल के लिए एडिशनल डायरेक्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की मंजूरी दी है। यह नियुक्ति शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के अधीन होगी।

