अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को होने वाली अहम बैठक में महासचिव समेत ट्रस्ट के तीन रिक्त पदों पर नए ट्रस्टियों के नामों की घोषणा हो सकती है। यह बैठक हाल ही में सामने आए राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद हो रही है, इसलिए इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
शाम 4 बजे आयोजित होने वाली बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास करेंगे। बैठक में कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि, शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती सहित अन्य ट्रस्टी शामिल होंगे। कई सदस्य अयोध्या पहुंच चुके हैं।
महासचिव पद की दौड़ में दो प्रमुख नाम
सूत्रों के अनुसार, कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन और विश्व हिंदू परिषद के महासचिव बजरंगलाल बांगड़ा स्थायी महासचिव पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। ट्रस्ट बैठक में इस पद पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
ये भी पढ़े
आखिर PM आवास के बाहर कांग्रेस क्यों कर रही है प्रदर्शन?
तीन पद फिलहाल हैं रिक्त
6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की पिछली बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए थे। इसके बाद सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
इसके अलावा अयोध्या राजघराने के प्रमुख बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद उनका ट्रस्टी पद भी रिक्त हो गया। इस तरह वर्तमान में ट्रस्ट में कुल तीन पद खाली हैं, जिन पर नियुक्तियों की संभावना है।
नए CEO के नाम पर भी मंथन
राम मंदिर ट्रस्ट में नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति को लेकर भी विचार-विमर्श जारी है। सूत्रों के मुताबिक, रक्षाबंधन के बाद इस पद पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
दावेदारों में एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वे काशी में पुलिस अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं और उनका परिवार लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ा रहा है।
वहीं, फैजाबाद के पूर्व जिलाधिकारी और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अनिल पाठक भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। अयोध्या के संतों और भाजपा नेताओं के साथ उनके अच्छे संबंध बताए जाते हैं। प्रशासनिक अनुभव और साफ-सुथरी छवि को देखते हुए उन्हें भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
आज की बैठक पर रहेगी सबकी नजर
राम मंदिर ट्रस्ट की इस बैठक में महासचिव समेत रिक्त पदों पर नियुक्तियों के अलावा ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे और भविष्य की व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

