बालाघाट। जिले के बस स्टैंड में शनिवार को यातायात विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान में यात्री बसों की सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां सामने आईं। जांच के दौरान अधिकांश बसों में इमरजेंसी एग्जिट गेट बंद पाए गए, जबकि फर्स्ट एड बॉक्स में रखी दवाइयों की एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। इसके अलावा कई बसों में अग्निशमन यंत्र और किराया सूची भी नदारद मिली।
यातायात थाना प्रभारी थीना राहंगडाले के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में बसों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कई बस संचालकों ने अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से इमरजेंसी गेट के पास अतिरिक्त सीटें लगा दी थीं, जिससे किसी दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों का बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।
यातायात विभाग ने बस संचालकों को दो दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर करने का अल्टीमेटम दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय के बाद भी खामियां पाई गईं तो संबंधित बसों को जब्त कर भारी जुर्माने सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि हाल ही में शाजापुर में हुए दर्दनाक बस अग्निकांड, जिसमें एक मासूम की जान चली गई थी, के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यात्री बसों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बालाघाट में भी यह कार्रवाई की गई ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।
फिलहाल विभाग द्वारा बस ऑपरेटरों को समझाइश दी जा रही है और उन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात प्रभारी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

