जम्मू-कश्मीर: बडगाम में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के एक पाकिस्तानी आतंकी को ढेर कर दिया है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन अशदार’ के दौरान अशदार गली के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में आतंकी यासिर मारा गया। सुरक्षाबलों ने उसके कब्जे से एके सीरीज की राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद किया है।
अशदार गली में चला सर्च ऑपरेशन
जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सेना की चिनार कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन अशदार’ चलाया। खुफिया सूचना के आधार पर अशदार गली के घने जंगलों में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
मुठभेड़ में मारा गया आतंकी यासिर
सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षाबलों ने इलाके में घेराबंदी की तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा का पाकिस्तानी आतंकी यासिर मारा गया। मौके से एके सीरीज की राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया।
‘सुलेमान मूसा ग्रुप’ से था कनेक्शन
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर के ‘सुलेमान मूसा ग्रुप’ का हिस्सा था। करीब एक साल से वह यूसमर्ग और आसपास के इलाकों में लश्कर के प्रमुख कमांडर के तौर पर सक्रिय था। एजेंसियां लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।
छोटे मॉड्यूल के जरिए आतंक फैलाने की कोशिश
लश्कर अब छोटे-छोटे आतंकी मॉड्यूल के जरिए अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। ये समूह पीर पंजाल के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में ठिकाने बनाने के साथ स्थानीय मददगारों के जरिए रसद जुटाते हैं।

