बालाघाट: जिले के बैहर थाना क्षेत्र के ग्राम खोलवा में सूने मकान में हुई करीब 5 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया मशरूका भी बरामद कर लिया है। मामले में पांच आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर उनसे जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देश पर जिले में चोरी संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, त्वरित निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना बैहर पुलिस ने इस चर्चित चोरी की घटना का खुलासा करने में सफलता हासिल की।
सूने मकान को बनाया था निशाना
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को ग्राम खोलवा निवासी कमलेश राहंगडाले ने थाना बैहर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात चोर उसके सूने घर में घुस गए। चोरों ने घर की आलमारियों के कुंदे तोड़कर करीब 4.80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, दो मोबाइल फोन और नगदी चोरी कर ली। कुल चोरी की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई। फरियादी की शिकायत पर थाना बैहर में अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 331 एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र बना सफलता की कुंजी
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बैहर पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। साथ ही पुराने चोरी के आरोपियों, निगरानी बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। साइबर सेल बालाघाट की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर शांति तेकाम निवासी पौनी मोहगांव, थाना मलाजखंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ग्राम खोलवा में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें-
अन्य वारदातों का भी खुल सकता है राज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पांच आरोपियों का रिमांड लेकर उनसे बैहर सहित आसपास के थाना क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के बारे में पूछताछ की जाएगी। साथ ही चोरी के अतिरिक्त मशरूका की बरामदगी, घटना में प्रयुक्त संसाधनों और अन्य साथियों की संलिप्तता की भी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में शांति तेकाम, पंकज रावडे, संजय कामथे, अमन धवंगाये, जिशान खान उर्फ सलमान, कुलदीप नागवंशी, जितेन्द्र उर्फ जीतू बिजेवार, कमल नगपुरे, सुखदेव मेरावी, सुभाष मेरावी एवं अशोक सिरयाम शामिल हैं।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बैहर निरीक्षक जयंत मरस्कोल्हे के नेतृत्व में उप निरीक्षक दीपिका सिंगौर, योगेश कुमरे, सहायक उप निरीक्षक राजीव जाचक, दुर्गाप्रसाद जिजोते, धरमचंद बघेले, प्रधान आरक्षक मुकेश उइके सहित थाना स्टाफ एवं एसएसयू बल के अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

