भोपाल: मध्यप्रदेश विधानसभा में गुरुवार को संसद यूथ पार्लियामेंट 2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की मौजूदगी में देशभर से आए युवाओं ने संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से राजनीति को भी करियर के विकल्प के रूप में चुनने की अपील की।
युवा डॉक्टर, इंजीनियर बनना चाहते हैं, राजनेता क्यों नहीं?
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों से पूछा जाता है कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो ज्यादातर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, आईएएस या आईपीएस बनने की बात करते हैं। लेकिन बहुत कम युवा यह कहते हैं कि वे राजनीति में जाना चाहते हैं।
ये भी पढ़े
उन्होंने कहा कि युवाओं में राजनीति के प्रति रुचि और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी की भावना बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं को राजनीति को भी करियर के तौर पर देखने की सलाह दी।
युवा संसद से लोकतंत्र को समझने का मौका
सीएम ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र की व्यवस्था तभी मजबूत होगी, जब युवा इसकी प्रक्रिया से जुड़ेंगे। युवा संसद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को संसदीय कार्यप्रणाली को करीब से समझने और अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने का अवसर देते हैं।
उन्होंने युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष और बलिदानों की याद दिलाते हुए चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, वीर सावरकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी के योगदान का उल्लेख किया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस का दिया उदाहरण
मुख्यमंत्री ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आईसीएस परीक्षा में सफल होने का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा किसी से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी के दौर में युवाओं ने देश के लिए अपना जीवन समर्पित किया और आज की पीढ़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के जरिए देश को आगे बढ़ा सकती है।
देशभर से पहुंचे युवा
साकार दृष्टि सोशल फाउंडेशन और कैलिडोहोप नागपुर की ओर से आयोजित युवा संसद में देश के विभिन्न हिस्सों से युवा प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने संसदीय शैली में राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का अभिनंदन किया और आगामी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

