अहमदाबाद। श्यामल चार रास्ता इलाके में स्थित शांगरीला-2 आर्केड में अचानक लगी आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक के एटीएम के पास आग भड़की थी। शुरुआत में मामूली दिखने वाली आग देखते ही देखते विकराल हो गई और पार्किंग एरिया से होते हुए ऊपरी मंजिलों तक फैल गई।
आग का असर इतना तेजी से बढ़ा कि ग्राउंड फ्लोर से होते हुए HR फिटनेस जिम तक पहुंच गया। उस समय जिम के अंदर करीब 25 से 30 लोग मौजूद थे, जो धुएं और आग के कारण अंदर फंस गए। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद फायर ब्रिगेड की 20 से अधिक गाड़ियां और करीब 50 अधिकारी मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद पानी का लगातार छिड़काव कर आग पर काबू पा लिया गया। इस पूरी घटना में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पार्किंग में खड़े कई वाहन आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गए।
एहतियात के तौर पर श्यामल चार रास्ता से प्रह्लादनगर की ओर जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया है। पुलिस और एफएसएल की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
घटना के बाद पूरे शांगरीला-2 आर्केड को खाली करवा लिया गया है और जांच पूरी होने तक कॉम्प्लेक्स को बंद रखने का फैसला लिया गया है।

