लखनऊ: बसपा सुप्रीमो मायावती ने उत्तर प्रदेश में बड़ा संगठनात्मक कदम उठाते हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। मायावती ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी।
मायावती ने अपने बयान में कहा कि बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों आदि के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया गया है।
चुनावी माहौल के बीच कार्यकर्ताओं को मायावती की नसीहत
मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल गर्म है। ऐसे में पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विरोधियों के साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बसपा के अंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा चुनाव में सफल बनाने के लिए जुटने की अपील की।
ये भी पढ़े
संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, आखिरी दिन लोकसभा सिर्फ 1 मिनट चली
अशोक सिद्धार्थ और रणधीर बेनीवाल भी पार्टी से बाहर
इससे पहले मायावती ने पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ और पार्टी नेता रणधीर सिंह बेनीवाल को भी बसपा से निष्कासित किया था। अशोक सिद्धार्थ, बसपा नेता आकाश आनंद के ससुर हैं।
मायावती ने दोनों नेताओं पर अनुशासनहीनता और पार्टी के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि भविष्य में किसी भी परिस्थिति में दोनों नेताओं की पार्टी में वापसी नहीं होगी।

