नई दिल्ली: माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने दुनियाभर के यूजर्स की परेशानी बढ़ा दी। आउटलुक पर ईमेल भेजने और रिसीव करने से लेकर माइक्रोसॉफ्ट 365, टीम्स और एआई असिस्टेंट कोपायलट के इस्तेमाल तक में दिक्कतें आने लगीं। कई यूजर्स अपने अकाउंट में लॉग-इन नहीं कर सके, जबकि कुछ का इनबॉक्स ही नहीं खुल रहा था। शुरुआत में इसे सर्वर पर अचानक बढ़े ट्रैफिक का नतीजा माना गया, लेकिन कंपनी की शुरुआती जांच में समस्या की वजह कुछ और सामने आई। माइक्रोसॉफ्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर के कई सर्वर अचानक अनुपलब्ध हो गए थे। इससे बाकी सक्रिय सर्वरों पर काम का दबाव बढ़ गया और एक के बाद एक सेवाएं प्रभावित होने लगीं।
कई सर्वर एक साथ हुए अनुपलब्ध
माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, यह परेशानी केवल यूजर्स की बढ़ती संख्या के कारण नहीं हुई थी। कंपनी के कई सर्वर अचानक काम करना बंद कर गए थे। इसके चलते बाकी सर्वरों को अतिरिक्त रिक्वेस्ट संभालनी पड़ीं। बढ़ते दबाव के कारण यूजर्स को कनेक्टिविटी एरर और लॉग-इन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रभावित सर्वर ऑटोमैटिक हेल्थ चेक में फेल हो रहे थे। यह प्रक्रिया सर्वर की कार्यक्षमता और उसकी स्थिति जांचने के लिए इस्तेमाल होती है। कंपनी को संदेह था कि हाल में हेल्थ चेक से जुड़े एक कंपोनेंट में किए गए बदलाव का इस समस्या से संबंध हो सकता है। हालांकि, शुरुआती जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई।
आउटलुक से लेकर एआई सेवाओं तक असर
इस तकनीकी गड़बड़ी का दायरा केवल ईमेल सेवा तक सीमित नहीं रहा। माइक्रोसॉफ्ट 365 और टीम्स के साथ कोपायलट भी प्रभावित हुआ। इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर से जुड़कर काम करने वाली ओपनएआई और एंथ्रोपिक की कुछ सेवाओं में भी परेशानी दर्ज की गई। खासतौर पर माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर से जुड़ी सुविधाओं पर असर पड़ा।
कंपनी ने शुरू की रिकवरी प्रक्रिया
समस्या सामने आने के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने नए डिप्लॉयमेंट और कॉन्फिगरेशन बदलावों को अस्थायी रूप से रोक दिया। प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करने के साथ ट्रैफिक को दूसरे सर्वरों और वैकल्पिक नेटवर्क रास्तों पर भेजा गया, ताकि खराब सर्वरों पर दबाव कम किया जा सके।
कुछ सर्वरों को दोबारा चालू करने के बाद उनकी स्थिरता की जांच भी की गई। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में सेवाओं की आंशिक बहाली हुई। हालांकि, भारत में आउटलुक के प्रभावित रहने की जानकारी सामने आई।
ये भी पढ़ें: इंदौर में आज से स्नूकर वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वालिफाइंग मुकाबले, 32 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बड़ी तकनीकी सेवाओं में इस तरह की गड़बड़ी का असर पहले भी देखा जा चुका है। जुलाई 2024 में क्राउडस्ट्राइक के एक अपडेट के कारण दुनियाभर के कई विंडोज कंप्यूटर ब्लू स्क्रीन की समस्या से प्रभावित हुए थे। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट एज्योर से जुड़ी तकनीकी परेशानी ने भी कई कारोबारों और सेवाओं के कामकाज को प्रभावित किया था।
इन घटनाओं से साफ है कि बड़ी डिजिटल सेवाओं का सर्वर और क्लाउड नेटवर्क पर निर्भर होना उनके लिए जोखिम भी पैदा करता है। इंफ्रास्ट्रक्चर के एक हिस्से में खराबी आने पर उसका असर कई दूसरी सेवाओं तक पहुंच सकता है।

