Friday, July 31, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsस्यूटा बॉर्डर पर प्रवासी संकट: हजारों लोगों की घुसपैठ से यूरोप में...

स्यूटा बॉर्डर पर प्रवासी संकट: हजारों लोगों की घुसपैठ से यूरोप में हलचल, इटली ने दी चेतावनी

स्यूटा: उत्तरी अफ्रीकी देश मोरक्को और स्पेन के बीच स्थित स्यूटा बॉर्डर पर एक बार फिर बड़ा प्रवासी संकट खड़ा हो गया है। गुरुवार को हजारों प्रवासियों ने बॉर्डर पार कर स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी इलाके स्यूटा में प्रवेश किया। इस घटना के बाद पूरे यूरोप में सुरक्षा और अवैध प्रवासन को लेकर चिंता बढ़ गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ ही घंटों में करीब 2 हजार से 3 हजार प्रवासी स्यूटा में दाखिल हुए। कई लोग समुद्र के रास्ते पहुंचे,जबकि कुछ ने मोरक्को से स्पेन को अलग करने वाली सीमा बाड़ को पार कर प्रवेश किया। इस दौरान 18 लोगों की मौत की भी खबर सामने आई है।

2021 के बाद स्यूटा में सबसे बड़ा प्रवासी संकट

साल 2021 के माइग्रेशन संकट के बाद स्यूटा में यह सबसे बड़ी घटनाओं में से एक मानी जा रही है। बड़ी संख्या में लोगों के अचानक पहुंचने से स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बलों पर दबाव बढ़ गया। स्यूटा की क्षेत्रीय सरकार ने स्पेन की राजधानी मैड्रिड से आपात स्थिति घोषित करने और अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजने की मांग की है।

इटली ने दी शेंगेन समझौता रोकने की चेतावनी

स्यूटा संकट की गूंज अब पूरे यूरोप में सुनाई दे रही है। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने स्पेन के साथ खुले सीमा वाले शेंगेन समझौते को अस्थायी रूप से रोकने की चेतावनी दी है।

ये भी पढ़े

US Senate: ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने का प्रस्ताव एक वोट से गिरा

मेलोनी ने कहा कि स्यूटा की घटना यह दिखाती है कि अनियंत्रित और अवैध प्रवासन यूरोप की सीमा सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। उन्होंने कहा कि इटली अपनी सीमाओं और नागरिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने इटली के गृह मंत्री मत्तेओ पियांतेदोसी से चर्चा के बाद सुरक्षा एजेंसियों की बैठक बुलाने की जानकारी दी।

प्रवासी क्यों छोड़ते हैं अपना देश?

बड़ी संख्या में प्रवासी बेहतर रोजगार, आर्थिक स्थिति और सुरक्षित भविष्य की तलाश में यूरोपीय देशों की ओर रुख करते हैं। कई लोग युद्ध, गरीबी और अस्थिर हालात के कारण भी अपने देश छोड़ने को मजबूर होते हैं। स्यूटा संकट के पीछे की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार इससे पहले भी प्रवासियों के समूह समुद्र के रास्ते स्पेन पहुंचने की कोशिश करते रहे हैं।

स्पेन सरकार की प्रवासी नीति पर उठे सवाल

स्पेन में विपक्षी दलों ने इस संकट के लिए प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज की प्रवासी नीति को जिम्मेदार ठहराया है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार की नीतियों के कारण अवैध प्रवासन को बढ़ावा मिला है। स्पेन सरकार ने इस साल करीब 5 लाख बिना दस्तावेज वाले प्रवासियों को कानूनी दर्जा देने की योजना लागू की थी, जिस पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं।

स्यूटा और मेलिला क्यों हैं महत्वपूर्ण?

स्यूटा और मेलिला स्पेन के दो स्वायत्त शहर हैं, जो अफ्रीका के उत्तरी छोर पर स्थित हैं। ये यूरोपीय संघ की अफ्रीका के साथ एकमात्र जमीनी सीमाएं हैं। स्यूटा में स्पेनिश और मोरक्कन मूल के लोग लंबे समय से साथ रहते आए हैं। हालांकि, मोरक्को इन दोनों क्षेत्रों को स्पेन का हिस्सा नहीं मानता और इन्हें विवादित क्षेत्र बताता है।

फिलहाल स्यूटा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर यूरोपीय देशों की नजर बनी हुई है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 26 July to 1 August 2026
Bhopal – 19 to 25 july 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन