लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश अब जनजीवन पर भारी पड़ रही है। कई जिलों में नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सबसे अधिक असर गंगा और सरयू नदी के किनारे बसे इलाकों में देखने को मिल रहा है, जहां गांवों, स्कूलों और धार्मिक स्थलों तक पानी पहुंच गया है।
फर्रुखाबाद में गांव और स्कूल जलमग्न
जानकारी अनुसार, फर्रुखाबाद जिले में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से 33 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ का पानी 40 सरकारी स्कूलों तक पहुंच गया है, जिससे पढ़ाई प्रभावित हुई है। स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार राहत कार्य किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें-
15 अगस्त से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, लाल किले की सुरक्षा हुई और सख्त
प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा
वहीं लगातार बारिश के बीच प्रतापगढ़ जिले में एक बड़ा हादसा भी सामने आया। यहां करीब 100 साल पुराना मकान ढह गया, जिसकी चपेट में आने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद राहत और बचाव दल ने मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बलिया और वाराणसी में भी बढ़ा खतरा
इसी के साथ बलिया जिले में सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर से एक सप्ताह में 27 घर नदी में समा चुके हैं। वहीं वाराणसी में गंगा का पानी बढ़ने से 40 से 50 छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। घाटों पर भी पानी पहुंचने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील
फिलहाल बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। राहत एवं बचाव टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

