अहमदाबाद। मध्यप्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में चल रहे प्रयासों को गुजरात में बड़ी सफलता मिली है। अहमदाबाद में बुधवार को आयोजित MP Investment Dialogue में मध्यप्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में कुल 8,635 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इन प्रस्तावों के जमीन पर उतरने से प्रदेश में करीब 5,785 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
निवेश संवाद में अहमदाबाद, सूरत, भावनगर, राजकोट और वडोदरा समेत गुजरात के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से 350 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योग स्थापित करने और कारोबार विस्तार के लिए अनुकूल माहौल है। सरकार निवेशकों को हर संभव सुविधा, सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराएगी।
गुजरात के उद्योग अनुभव और MP के संसाधनों का मेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के पास उद्योग और व्यापार का लंबा अनुभव है, जबकि मध्यप्रदेश के पास पर्याप्त जमीन, पानी और देश के मध्य में स्थित होने का रणनीतिक लाभ है। दोनों राज्यों की ताकत मिलकर औद्योगिक विकास को नई दिशा दे सकती है।
सीमेंट और पैकेजिंग सेक्टर में सबसे बड़े निवेश प्रस्ताव
अहमदाबाद निवेश संवाद में सबसे बड़ा प्रस्ताव गोल्डक्रेस्ट की ओर से आया। कंपनी ने सीमेंट क्षेत्र में 3,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे करीब 1,500 रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके बाद एजियोस पॉलीफिल्म्स ने पैकेजिंग क्षेत्र में 2,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इससे करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिल सकता है।
अन्य प्रमुख निवेश प्रस्तावों में:
- गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट्स: फूड प्रोसेसिंग में 1,200 करोड़ रुपये, करीब 500 रोजगार
- एरिस लाइफसाइंसेज: फार्मास्युटिकल क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये, करीब 800 रोजगार
- राघव वूवन एलएलपी: 250 करोड़ रुपये
- भव्य मशीन टूल्स: 250 करोड़ रुपये
- जय केमिकल इंडस्ट्रीज: 200 करोड़ रुपये
- बालाजी मल्टीफ्लेक्स: 200 करोड़ रुपये
- श्रद्धा स्पन: 160 करोड़ रुपये
- इनर इंजीनियरिंग प्रोडक्ट्स एंड सिस्टम्स: 150 करोड़ रुपये
- ऑप्टिमाइज्ड ग्रुप: 100 करोड़ रुपये
- जेएमके फूड: 50 करोड़ रुपये
- विबफास्ट ग्रुप: 50 करोड़ रुपये
- अरुणाया ऑर्गेनिक्स: 25 करोड़ रुपये
15 से अधिक उद्योग समूहों से वन-टू-वन बैठक
निवेश संवाद के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रमुख उद्योग समूहों के साथ 15 से अधिक वन-टू-वन बैठकें कीं। इन बैठकों में निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक विस्तार और मध्यप्रदेश में उपलब्ध सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
अरविंद लिमिटेड के साथ पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित 1,200 करोड़ रुपये के निवेश को जल्द जमीन पर उतारने तथा टेक्सटाइल और गारमेंट क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा हुई।
वहीं टोरेंट पावर लिमिटेड के साथ अनूपपुर में प्रस्तावित 1,600 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना को लेकर बातचीत हुई। पेट्रोकेमिकल, केमिकल, टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र की कंपनियों ने भी मध्यप्रदेश में निवेश में रुचि दिखाई।
ढाई साल में मिले 34 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पिछले ढाई साल में मध्यप्रदेश को अलग-अलग क्षेत्रों में 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश जमीन पर उतर चुका है।
उन्होंने गुजरात के उद्योगपतियों को जनवरी-फरवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का न्योता दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कई नई नीतियां लागू की हैं। बिजली, पानी, जमीन और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ प्रदेश में प्रशिक्षित श्रमशक्ति भी उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश के विकास में भागीदार बनने और प्रदेश में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया।

