भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने शनिवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए। आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को उद्योग एवं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि समिट की संपूर्ण रणनीति और क्रियान्वयन की कमान अब उनके हाथों में रहेगी।
सुदाम खाड़े बने मुख्यमंत्री के सचिव
प्रशासनिक फेरबदल में इंदौर संभाग के आयुक्त सुदाम खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव नियुक्त किया गया है। जनसंपर्क आयुक्त के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान बेहतर प्रशासनिक अनुभव रखने वाले खाड़े पर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर भरोसा जताया है।
उनके स्थान पर भास्कर लक्षकार को इंदौर संभाग का नया आयुक्त बनाया गया है।
कृषि, जल संसाधन और राजस्व विभाग में भी अहम बदलाव
सरकार ने कृषि क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए कुमार पुरुषोत्तम को कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।
मुख्यमंत्री के विश्वस्त अधिकारियों में शामिल संदीप यादव को जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध परियोजना जैसे बड़े जल प्रबंधन प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी भी रहेगी।
वहीं डॉ. ई. रमेश कुमार को राजस्व विभाग के साथ नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) की कमान सौंपी गई है, जबकि के.सी. गुप्ता को कृषि उत्पादन आयुक्त के साथ उद्यानिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
ऊर्जा और वन विभाग में भी नई जिम्मेदारियां
वरिष्ठ आईएएस मनीष सिंह को ऊर्जा विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। वहीं उद्योग क्षेत्र में कार्य कर चुके राघवेंद्र सिंह को अब वन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का मानना है कि इन बदलावों से निवेश, औद्योगिक विकास, कृषि, ऊर्जा और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।
कलेक्टर और आयुक्त स्तर पर भी बड़े बदलाव
राज्य सरकार ने कई जिलों में कलेक्टर स्तर पर भी बदलाव किए हैं।
- रत्नाकर झा को अनूपपुर का नया कलेक्टर बनाया गया।
- मिशा सिंह को रतलाम से स्थानांतरित कर शहडोल कलेक्टर नियुक्त किया गया।
- गुरु प्रसाद को खरगोन कलेक्टर बनाया गया।
- दिव्यांक सिंह को मंदसौर कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली।
- शेर सिंह मीना को आगर-मालवा का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया।
इसके अलावा अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली को एप्को (पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन) का कार्यपालन संचालक बनाया गया, जबकि शहडोल कलेक्टर केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव पद पर पदस्थ किया गया।
अदिति गर्ग को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति आयुक्त बनाया गया
मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का आयुक्त-सह-संचालक नियुक्त किया गया है। उन्हें विभाग में उप सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं प्रीति यादव को आगर-मालवा कलेक्टर पद से स्थानांतरित कर इंदौर औद्योगिक विकास निगम का कार्यकारी संचालक बनाया गया है।
इंदौर जिला पंचायत और मुख्य सचिव कार्यालय में भी बदलाव
इंदौर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन को मुख्य सचिव कार्यालय में उप सचिव बनाया गया है। वहीं मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम, इंदौर के कार्यकारी संचालक हिमांशु प्रजापति को इंदौर जिला पंचायत का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी निवेश परियोजनाओं, औद्योगिक विस्तार, कृषि सुधार, ऊर्जा विकास और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को गति देने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

