Monday, November 23, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsMP में अब बिना गुणवत्ता प्रमाण-पत्र नहीं बिकेगी शराब, 25 नवंबर से...

MP में अब बिना गुणवत्ता प्रमाण-पत्र नहीं बिकेगी शराब, 25 नवंबर से हर खेप की जांच अनिवार्य

भोपाल: मध्य प्रदेश में अब शराब की हर खेप को गुणवत्ता जांच की कसौटी से गुजरना होगा। विनिर्माण इकाइयों से लेकर शराब दुकानों तक पहुंचने वाली मदिरा के लिए गुणवत्ता प्रमाण-पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। इसके बिना न तो शराब की आपूर्ति हो सकेगी और न ही उसका वितरण। जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद आबकारी विभाग ने यह व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। नई व्यवस्था 25 नवंबर से पूरे प्रदेश में प्रभावी होगी। आबकारी आयुक्त दीपक कुमार सक्सेना ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

हर बैच की होगी रासायनिक जांच

नई व्यवस्था के तहत प्रदेश की सभी देसी और विदेशी शराब विनिर्माण इकाइयों को प्रत्येक बैच के साथ रासायनिक परीक्षण रिपोर्ट देना अनिवार्य होगा। उत्पादन इकाइयों की प्रयोगशालाओं में शराब की तय मानकों के अनुसार जांच की जाएगी। जांच में मानव उपभोग के योग्य पाए जाने के बाद ही संबंधित बैच को जारी किया जा सकेगा।

यदि किसी खेप के साथ गुणवत्ता प्रमाण-पत्र नहीं मिलता है या प्रमाण-पत्र अधूरा अथवा संदिग्ध पाया जाता है, तो उसे अलग स्टॉक में सुरक्षित रखा जाएगा। ऐसी शराब को किसी दूसरे भंडारगृह या लाइसेंसधारी को हस्तांतरित करने की अनुमति नहीं होगी।

ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड होगी रिपोर्ट

शराब की गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी को डिजिटल रिकॉर्ड में रखने की व्यवस्था भी की गई है। भंडारगृह में शराब की खेप पहुंचते ही उसका गुणवत्ता प्रमाण-पत्र ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। शराब दुकानों के फुटकर विक्रेता भी जरूरत पड़ने पर संबंधित खेप की जांच रिपोर्ट मांग सकेंगे। इसके लिए भंडारगृह प्रभारी को उत्पादन इकाई से मिली परीक्षण रिपोर्ट की प्रमाणित प्रति उपलब्ध करानी होगी।

जिला आबकारी अधिकारी अपने जिलों के भंडारगृहों में इस व्यवस्था की नियमित निगरानी करेंगे। बिना प्रमाण-पत्र शराब की खेप स्वीकार करने या निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग के मामले में पुलिस की सूझबूझ से सुलझा विवाद, आपसी सहमति से आज रात होगा विवाह

लगातार हो रही मौतों के बाद सख्ती

प्रदेश में जहरीली शराब से मौतों की घटनाओं ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। सितंबर में सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब पीने से करीब 40 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद अक्टूबर में देवास जिले में भी जहरीली शराब से मौतों के मामले सामने आए। इससे पहले वर्ष 2022 में मुरैना और उज्जैन में भी ऐसे हादसे हो चुके हैं।

इन घटनाओं के बाद सरकार ने संबंधित जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और आबकारी-पुलिस विभाग के मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की थी। अब विभाग ने शराब की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उत्पादन से लेकर भंडारण और वितरण तक प्रमाण-पत्र आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

15 to 21 November 2026
8 to 14 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन