भोपाल। आधुनिक तकनीक और साइबर विशेषज्ञता के दम पर मप्र पुलिस ने आम नागरिकों का भरोसा एक बार फिर मजबूत किया है। प्रदेशभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने पिछले एक माह में 1,136 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए हैं। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 2 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल, साइबर हेल्प डेस्क, डिजिटल ट्रैकिंग और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए यह बड़ी सफलता हासिल की गई है। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की।
प्रदेश में सबसे बड़ी सफलता इंदौर पुलिस को मिली, जहां 260 मोबाइल फोन और करीब 66.60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। वहीं दमोह में 208 मोबाइल, खंडवा में 151 मोबाइल, धार में 124 मोबाइल, अशोकनगर और शिवपुरी में 120-120 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए।
इसी तरह से भोपाल में जीआरपी और हनुमानगंज थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से 60 मोबाइल फोन सहित लगभग 16.82 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। वहीं छतरपुर, अनूपपुर और सिवनी में भी गुम मोबाइल खोज अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता मिली।

