नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित फिक्की (FICCI) के शताब्दी सम्मेलन और वार्षिक आम बैठक (AGM) को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, कारोबारियों, उद्योगों और देश की आर्थिक प्रगति को लेकर अपनी बात रखी। पीएम मोदी ने कहा कि किसानों और कारोबारियों को गाली देने से देश का विकास नहीं हो सकता। देश को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत, निवेश, इनोवेशन और उद्योगों को प्रोत्साहन देना जरूरी है।
प्रधानमंत्री का यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। राहुल गांधी ने कहा था कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इसके पीछे बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों को प्रमुख कारण बताया था।
12 साल में बदली देश की अर्थव्यवस्था
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 1970 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया गया था, लेकिन अब देश की आर्थिक स्थिति में बदलाव दिखाई दे रहा है। भारत आज विकास के नए अवसरों की ओर बढ़ रहा है।
भारतीय ग्राहकों को भी मिले एक्सपोर्ट जैसी क्वालिटी
प्रधानमंत्री ने भारतीय कंपनियों की उत्पाद गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियां विदेशों में निर्यात किए जाने वाले सामान की गुणवत्ता बेहतर रखती हैं, जबकि भारतीय बाजार के लिए अपेक्षाकृत कम गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाती हैं। इस सोच को बदलने की जरूरत है। भारतीय ग्राहकों को भी उसी स्तर की गुणवत्ता मिलनी चाहिए, जो दूसरे देशों के ग्राहकों को दी जाती है।
घरेलू बाजार से बाहर निकलकर ग्लोबल मार्केट पर करें फोकस
पीएम मोदी ने उद्योगपतियों और कारोबारियों से कहा कि उन्हें केवल भारतीय बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। दुनिया के अलग-अलग देशों में भारतीय उत्पादों के लिए बड़े अवसर मौजूद हैं। कंपनियों को दूसरे देशों की जरूरतों, ग्राहकों की पसंद और बाजार की मांग को समझकर अपने उत्पाद तैयार करने चाहिए। इससे भारत के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और वैश्विक बाजार में भारतीय कंपनियों की पहचान मजबूत होगी।
कारोबारियों के सुझावों पर काम करेगी सरकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार रिफॉर्म एक्सप्रेस के माध्यम से आर्थिक और औद्योगिक सुधारों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और सुझावों को सरकार के सामने खुलकर रखें। कारोबारियों को जिन नियमों या प्रक्रियाओं में परेशानी होती है, उनके बारे में सरकार को बताना चाहिए। सरकार उद्योगों के साथ मिलकर समाधान निकालने के लिए तैयार है।
रिसर्च और इनोवेशन से मजबूत होगी भारतीय इंडस्ट्री
पीएम मोदी ने कंपनियों को रिसर्च, इनोवेशन और नई तकनीक पर निवेश बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पाद तैयार किए जाने चाहिए, जो ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों को पूरा करें और इस्तेमाल में आसान हों। इसके लिए कंपनियों को लगातार नई तकनीक अपनानी होगी। उन्होंने उद्योग जगत से गुणवत्ता और उत्पादों की उपयोगिता को प्राथमिकता देने की अपील की।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री आवास से चंद मिनट की दूरी पर आदिवासी-दलित छात्रावास बना खंडहर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा
विकसित भारत के लिए अगले 10 साल का लक्ष्य तय करें
प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के लक्ष्य को केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश का संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि हमें यह सोचने की जरूरत है कि आने वाले 10 वर्षों में देश के विकास के लिए हम क्या योगदान दे सकते हैं। देश को विकसित बनाने के लिए सरकार, उद्योग, कारोबारी और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।
1927 में हुई थी FICCI की स्थापना
फिक्की यानी फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री देश के प्रमुख उद्योग और व्यापार संगठनों में शामिल है। इसकी स्थापना वर्ष 1927 में हुई थी। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। यह संगठन देश के उद्योगपतियों, कारोबारियों और कंपनियों की समस्याओं को सरकार के सामने रखता है। साथ ही व्यापार, निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार को सुझाव देता है।

