गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर को बड़ी विकास सौगात देते हुए ₹995 करोड़ से अधिक लागत की 14 लोक-कल्याणकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें ट्रांसपोर्ट नगर से पैडलेगंज तक 6-लेन सड़क तथा देवरिया बाईपास को जोड़ने वाला 4-लेन फ्लाईओवर प्रमुख हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ही विकास और समृद्धि की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि जितना बेहतर और तेज आवागमन होगा, उतनी ही तेजी से व्यापार, निवेश, रोजगार और विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई ऊर्जा देने का काम करेंगी और गोरखपुर सहित पूरे पूर्वांचल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने जनपदवासियों को इन परियोजनाओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
विपक्ष पर साधा निशाना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा –
“नए उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी अभूतपूर्व रूप से बेहतर हुई है, जबकि पहले प्रदेश विकास से वंचित था , समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय किया और किसानों के हितों की अनदेखी की। किसान खुशहाल होगा तो देश खुशहाल होगा। 2007 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में 29 चीनी मिलें बंद हुईं। 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और अराजकता चरम पर थी, जबकि आज उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था और विकास के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है।”
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर धार्मिक आस्था को लेकर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले आस्था पर प्रहार करते थे, आज वही सबसे बड़े आस्थावान बनने का दावा कर रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वहीं कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे।

