मुंबई: शाहरुख खान ने अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर मंगलवार को जारी किया है। पोस्टर में शाहरुख के होंठों के बीच गुलाब नजर आ रहा है। उनकी आंखों में गुस्सा और अंदाज में रोमांस दिख रहा है। पोस्टर से फिल्म में एक्शन और रोमांस का मेल होने के संकेत मिलते हैं।
आज फिर याद आया कातिल नहीं, आशिक हूं
शाहरुख ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, आज फिर याद आया कातिल नहीं, आशिक हूं। फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं
‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने मिलकर बनाया है। फिल्म में शाहरुख एक नए एक्शन अवतार में नजर आएंगे।
फिल्म में शाहरुख के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, अनिल कपूर, अभय वर्मा और अरशद वारसी भी नजर आएंगे। किंग की कहानी एक मेंटर और शिष्य के सफर पर आधारित है, जो कठिन परिस्थितियों में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करते हैं।
ये भी पढ़ें: नगरीय निकाय खरीदी में गड़बड़ी पर रामेश्वर शर्मा का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- भ्रष्टाचारी नहीं बचेंगे
2026 में होगी बड़ी टक्कर
किंग क्रिसमस 2026 के दौरान रिलीज होगी, जब जुमांजी, एवेंजर्स: डूम्सडे और ड्यून 3 जैसी हॉलीवुड फिल्में भी रिलीज होंगी। इस कॉम्पिटिशन को देखते हुए, फिल्म के लिए बड़े थिएटर रिलीज की प्लानिंग की जा रही है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में सामने आया था कि फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी पेन मरुधर ने किंग के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपए में खरीद लिए हैं।
बता दें कि पेन मरुधर का शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस के साथ पुराना संबंध रहा है। कंपनी पहले जवान, डंकी, जीरो, बदला और इत्तेफाक जैसी फिल्मों को रिलीज कर चुकी है।
ए.ए. फिल्म्स, जियो स्टूडियोज, पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स, यशराज फिल्म्स और धर्मा प्रोडक्शंस जैसी कंपनियों ने भी फिल्म के डोमेस्टिक राइट्स के लिए बोली लगाई थी

