दमोह। दमोह जिले में दसवीं कक्षा के एक छात्र की स्कूल के बाहर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब छात्र अपना अंतिम परीक्षा पेपर देकर स्कूल से बाहर निकला था। परीक्षा हाल में नकलचियों ने प्रश्न पूंछने का बना रहे थे दबाव, नहीं बताने पर सभी ने मिलकर किशोर को मौत के घाट पर उतार दिया।
मृतक की पहचान ऋषि अहिरवार (15) निवासी इमलाई गांव के रूप में हुई है। वह मलैया मिल स्थित ओजस्विनी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार जैसे ही ऋषि परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकला, आठ नाबालिग छात्रों के समूह ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले मारपीट की और फिर उस पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल ऋषि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सीएसपी एच.आर. पांडे ने बताया कि हत्या के मामले में शामिल आठों नाबालिग छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले स्कूल में हुए विवाद के कारण यह हमला किया गया।
वहीं एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि स्कूली बच्चों में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर संकेत है और इसे रोकने के लिए जागरूकता अभियान की आवश्यकता है।
परीक्षा हाल में नहीं की नकलचियों की मदद, पेपर के बाद चाकुओं से गोद की 10वीं के छात्र की निर्मम हत्या


