परीक्षा देने जा रहे आदिवासी युवक को मामूली जूता पहनकर गुजरने के विवाद ने ली जान

सिंगरौली। जिले के कन्नई गांव में एक मामूली कहासुनी के बाद बड़े विवाद ने खौफनाक हत्या का रूप ले लिया। महज जूते पहनकर गुजरने की बात पर दो युवकों ने एक आदिवासी युवक की इतनी बेरहमी पिटाई कर दी कि इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव स्थिति बन गई। मामला पुलिस ने दर्ज कर जांच में लिया है।
मामला सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्नई गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विष्णु बैगा की हत्या ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। विष्णु अपने गांव गुल्ली डांड से कन्नई पाही में आयोजित छठवीं बरही कार्यक्रम में जा रहा था। रास्ते में वह रवि ढाबा के पास रुका, जहां पहले से मौजूद विक्रम बैस और केशव बैस से उसका सामना हो गया। परिजनों के अनुसार, जूते पहनकर उनके सामने से गुजरने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गई।
आरोपियों ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से विष्णु पर लगातार प्रहार किए, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल बैढ़न स्थित एक निजी चिकित्सा केंद्र लेकर पहुंचे, जहां कई घंटे चले उपचार के बाद शुक्रवार को उसकी मृत्यु हो गई।
बरगवां एसडीओपी गौरव पाण्डेय ने बताया कि पुलिस को रात लगभग 11 बजे घटना की सूचना मिली थी। तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। प्रारंभ में मामला हत्या के प्रयास के रूप में दर्ज किया गया था, किंतु घायल की मृत्यु के बाद धारा बढ़ाते हुए हत्या का प्रकरण कायम किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह घटना बताती है कि छोटी-सी तकरार कैसे गंभीर अपराध में बदल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *