Monday, November 16, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsअब आंगनवाड़ियों की दीवारें सिखाएंगी ककहरा, जनभागीदारी से होगा कायाकल्प

अब आंगनवाड़ियों की दीवारें सिखाएंगी ककहरा, जनभागीदारी से होगा कायाकल्प

भोपाल:प्रदेश में बचपन की पहली पाठशाला अब नए रंग-रूप में नजर आ रही है। कभी सामान्य भवनों और सीमित संसाधनों तक सिमटे आंगनवाड़ी केंद्र अब रंग-बिरंगी दीवारों, आकर्षक चित्रों, आधुनिक खेल सामग्री और डिजिटल शिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित होकर बच्चों के लिए आनंददायी शिक्षा के केंद्र बन रहे हैं।

प्रदेश सरकार की इस पहल से आंगनवाड़ियां केवल पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्र ही नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और बौद्धिक विकास को नई दिशा देने वाले जीवंत शिक्षण स्थलों के रूप में विकसित हो रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न संस्थाओं और जनभागीदारी के सहयोग से आंगनवाड़ी केंद्रों का कायाकल्प किया जा रहा है। यह प्रयास प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आनंददायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

दीवारें बन रहीं किताबें, खेल-खेल में सीख रहे बच्चे

प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों की दीवारें अब बच्चों के लिए सीखने का नया माध्यम बन रही हैं। दीवारों पर उकेरे गए रंग-बिरंगे चित्र, पशु-पक्षियों की आकृतियां, वर्णमाला, अंक, प्रकृति और दैनिक जीवन से जुड़े रोचक दृश्य बच्चों को सहज रूप से सीखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बाल-अनुकूल शिक्षण वातावरण (BaLA) की अवधारणा के अनुरूप विकसित किए जा रहे इन केंद्रों में दीवारें भी शिक्षण सामग्री की भूमिका निभा रही हैं।

बच्चों की रुचि के अनुसार विशेष शिक्षण कोने, खिलौने, खेल क्षेत्र और रचनात्मक गतिविधियों के लिए स्थान विकसित किए जा रहे हैं। स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर शिक्षण को अधिक सहज और प्रभावी बनाया जा रहा है। इससे बच्चों में आंगनवाड़ी आने के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और सीखने की क्षमता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

डिजिटल नवाचारों से आधुनिक हो रही बचपन की पाठशाला

बदलते समय के साथ प्रदेश की आंगनवाड़ियां भी आधुनिक शिक्षण तकनीकों से जुड़ रही हैं। डिजिटल शिक्षण सामग्री, ऑडियो-विजुअल संसाधन, शैक्षणिक वीडियो, रोचक कहानियां और कविताएं बच्चों के लिए सीखने के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। इन माध्यमों से बच्चों के भाषा विकास, स्मरण शक्ति, रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहन मिल रहा है।

डिजिटल संसाधन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। इनके माध्यम से पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सहभागितापूर्ण और रोचक बनाया जा सकता है। पारंपरिक खेल-आधारित शिक्षा और आधुनिक तकनीक का यह समन्वय बच्चों को भविष्य की शिक्षा के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

ये भी पढ़ें: आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाएं खत्म करने पर भड़के जीतू पटवारी, सरकार से फैसला रोकने की मांग

राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप मजबूत हो रही प्रारंभिक शिक्षा

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इसी भावना के अनुरूप मध्यप्रदेश में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों को गुणवत्तापूर्ण पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के प्रभावी केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इन केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के समन्वय से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेल-आधारित गतिविधियां बच्चों को सहज रूप से सीखने का अवसर देती हैं और औपचारिक स्कूली शिक्षा के लिए उनकी बुनियाद मजबूत करती हैं।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन