मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता और नियमित पोस्ट के लिए जाने जाते हैं। खासकर X पर वह अपनी पोस्ट को क्रमांक देने की आदत के लिए भी चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उनकी एक पोस्ट की नंबरिंग में छोटी सी गलती हो गई, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर फैंस ने जमकर मजे लिए।
5817 के बाद बिग बी से हुई नंबरिंग में गलती
अमिताभ बच्चन ने अपनी पोस्ट को नंबर देते हुए 5817 के बाद अगली पोस्ट का नंबर गलती से 5718 लिख दिया। इसके बाद अगली पोस्ट में भी क्रम 5719 आगे बढ़ गया।

एक फैन ने जब अमिताभ बच्चन का ध्यान इस गलती की ओर दिलाया तो अभिनेता ने तुरंत इसे स्वीकार किया और नंबरिंग ठीक कर दी।
अमिताभ ने मांगी माफी, फैन को कहा शुक्रिया
अमिताभ बच्चन ने अपनी गलती के लिए माफी मांगते हुए लिखा कि 5817 के बाद नंबर 5818, 5819 और 5820 होना चाहिए था। उन्होंने गलती पकड़ने वाले फैन का शुक्रिया भी अदा किया।

अभिनेता ने फैन को संबोधित करते हुए ‘EF Sunil’ लिखा। अमिताभ बच्चन अपने फैंस को अक्सर ‘EF’ यानी ‘Extended Family’ कहते हैं।
फैंस ने मीम्स और मजेदार कमेंट्स से लिए मजे
अमिताभ की नंबरिंग वाली गलती सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। कई यूजर्स ने मीम्स और GIF शेयर कर इस पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं।
एक यूजर ने मजाक में कहा कि ‘EF Sunil’ के योगदान को इंसानियत हमेशा याद रखेगी। वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि गलती पकड़ने के बाद सुनील शायद अपने व्हाट्सऐप फैमिली ग्रुप में इसकी शेखी बघार रहे होंगे।
एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अच्छा हुआ अमिताभ ने गलती मान ली, वरना वह नंबर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाला था।
अमिताभ बच्चन की इस छोटी सी गलती और उनकी तुरंत प्रतिक्रिया ने फैंस को हंसने का एक और मौका दे दिया।

