गुना: जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच संवाद के लिए आयोजित पंच सम्मेलन में उस समय माहौल गरमा गया, जब दावतपुरा के सरपंच नरेंद्र सिंह और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के बीच मंच पर ही तीखी बहस हो गई। विवाद पुराने लाइसेंसी हथियार को बदलने की अनुमति को लेकर हुआ।
सरपंच ने कहा- सुरक्षा के लिए हथियार जरूरी
कांग्रेस नेता और दावतपुरा के सरपंच नरेंद्र सिंह ने सम्मेलन में अपनी पुरानी लाइसेंसी बंदूक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बंदूक काफी पुरानी हो चुकी है और काम नहीं करती। इसे बदलने के लिए कई बार आवेदन देने के बावजूद अनुमति नहीं मिली।
सरपंच ने कहा कि उनके क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार होता है और शिकारियों के पास हथियार रहते हैं। ऐसे में गांव की सुरक्षा के लिए उनके पास भी हथियार होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर अनुमति नहीं मिलती है तो वे अपनी बंदूक कार्यालय में जमा कर देंगे।
कलेक्टर बोले- कानून के दायरे में ही होगी कार्रवाई
सरपंच की शिकायत पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि हथियार लाइसेंस से जुड़े मामलों में नियमों और कानून के अनुसार ही निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुना की पहचान शांतिपूर्ण जिले के रूप में है और प्रशासन इसे हथियारों के लिए बदनाम नहीं होने देना चाहता।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी के दबाव में लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा। पुराने लाइसेंस की वैधता और हथियार की स्थिति की जांच के बाद नियमानुसार फैसला लिया जाएगा।
मंच पर बहस के बाद गरमाया माहौल
पंच सम्मेलन का उद्देश्य गांवों की समस्याओं और सरकारी योजनाओं पर चर्चा करना था, लेकिन हथियार लाइसेंस का मुद्दा उठते ही कलेक्टर और सरपंच के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों के आमने-सामने आने से सम्मेलन में मौजूद लोगों के बीच यह बहस चर्चा का विषय बन गई।
प्रशासन का कहना है कि यदि सरपंच का लाइसेंस वैध है और हथियार खराब हो चुका है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन पर विचार किया जाएगा। वहीं, सरपंच ने कहा कि वे कानून का सम्मान करते हैं और केवल अपनी समस्या का समाधान चाहते हैं।

