मानसा: पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले परमिंदर सिंह झोट्टा की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह फेसबुक लाइव कर रहे थे। इसी दौरान एक मेडिकल स्टोर पर उन पर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना में उनका एक साथी भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, परमिंदर सिंह अपने एक साथी के साथ मेडिकल स्टोर पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनके साथी ने इसी दुकान से कथित तौर पर नशीली दवाइयां खरीदी थीं। इसी मामले को लेकर वह दुकान पर गए थे। इस दौरान विवाद बढ़ने पर फायरिंग हो गई। गोली चलाने का आरोप मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार पर लगाया गया है। हालांकि, घटना की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
लंबे समय से नशे के खिलाफ चला रहे थे अभियान
परमिंदर सिंह झोट्टा पिछले कई वर्षों से पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। वह विशेष रूप से उन मेडिकल स्टोरों के खिलाफ अभियान चला रहे थे, जहां कथित तौर पर नशीली गोलियां बेची जाती थीं। उनके अभियान को लेकर पहले भी कई विवाद सामने आ चुके थे। मंगलवार को भी वह इसी तरह के मामले को लेकर मेडिकल स्टोर पहुंचे थे।
राजा वडिंग ने सरकार को घेरा
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने परमिंदर सिंह की हत्या पर दुख जताते हुए भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े हुई यह हत्या प्रदेश की कानून व्यवस्था और सरकार के नशा विरोधी अभियान पर गंभीर सवाल खड़े करती है। राजा वडिंग ने आरोप लगाया कि परमिंदर सिंह नशे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी पहल को पर्याप्त समर्थन नहीं दिया। उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
यह भी पढ़ें: 6 राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड की जिम्मेदारी
बिक्रम मजीठिया ने भी उठाए सवाल?
अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी घटना को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि परमिंदर सिंह फेसबुक लाइव के जरिए नशे के कारोबार को उजागर कर रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। मजीठिया ने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती हिंसक घटनाओं पर चिंता जताते हुए सरकार से जवाब मांगा।
परमिंदर सिंह झोट्टा की हत्या के बाद पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विपक्ष ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

