भोपाल: एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ टैक्सी चालक संघ की हड़ताल के चलते भोपाल में मंगलवार रात 12 बजे से ओला, उबर समेत अन्य ऑनलाइन कैब सेवाओं के संचालन पर रोक के बाद बुधवार सुबह भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने कई बार ऑनलाइन कैब बुक करने की कोशिश की, लेकिन वाहन उपलब्ध नहीं हो सके। इसके बाद यात्रियों को ऑटो और दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ा।
घुटने में परेशानी, दो बेटियों के साथ कैब का इंतजार
स्टेशन के एग्रीगेटर प्वाइंट पर मिली यात्री आकांक्षा ने बताया कि वह करीब आधे घंटे से कैब का इंतजार कर रही हैं। उनके घुटने में परेशानी है और साथ में उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें एक की उम्र दो साल और दूसरी की आठ साल है। उन्हें रोहित नगर स्थित अपोलो अस्पताल जाना है, लेकिन हड़ताल के कारण कैब नहीं मिल पा रही।
कर्नाटक से भोपाल पहुंचे यात्री को भी परेशानी
यात्री सत्यम ने बताया कि वह उत्तराखंड के रहने वाले हैं और कर्नाटक से भोपाल पहुंचे हैं। उन्हें सुल्तानिया अस्पताल जाना था। काफी देर तक कैब बुक करने की कोशिश करने के बाद भी वाहन नहीं मिला। इसके बाद उन्हें स्टेशन के बाहर दूसरे साधन तलाशने पड़े।
ऑटो बना यात्रियों का प्रमुख सहारा
कैब सेवाएं बंद होने के बाद रेलवे स्टेशन पर ऑटो ही यात्रियों के लिए प्रमुख विकल्प रह गया। यात्रियों का कहना है कि सामान्य दिनों में ऑनलाइन कैब आसानी से मिल जाती थी, लेकिन हड़ताल के चलते उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। कुछ यात्रियों ने आरोप लगाया कि कैब नहीं मिलने का फायदा उठाकर ऑटो चालक डेढ़ से दो गुना तक किराया वसूल रहे हैं।
स्टेशन के बाहर कई यात्रियों को सामान के साथ काफी देर तक इंतजार करते हुए देखा गया। बाहर से भोपाल पहुंचे यात्रियों के लिए गंतव्य तक पहुंचना सबसे बड़ी चुनौती बन गया।
स्टेशन पर कैब रोककर भुगतान नहीं करने दे रहे संगठन के लोग
हड़ताल के दौरान बुकिंग लेकर यात्रियों को छोड़ने पहुंच रही कुछ कैब को भोपाल रेलवे स्टेशन पर रोके जाने की भी बात सामने आई है। संगठन से जुड़े लोग कैब चालकों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश दे रहे हैं। साथ ही यात्रियों से कैब का भुगतान नहीं करने के लिए भी कहा जा रहा है।
अवधपुरी से कैब के जरिए भोपाल स्टेशन पहुंचे यात्री परिहार ने बताया कि उनकी कैब को भी स्टेशन पर रोक लिया गया। उन्होंने कहा कि वह कैब का किराया देना चाहते थे, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने भुगतान नहीं करने दिया। इसके बाद वह बिना किराया दिए ही स्टेशन से उतर गए।
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन
टैक्सी चालक संगठनों के संयुक्त मोर्चे की ओर से 19 अगस्त को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया जायगा। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर टैक्सी चालकों की मांगों के जल्द निराकरण की मांग की जाएगी। संगठनों का कहना है कि धरना और बंद शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है।
टैक्सी चालकों की हड़ताल के कारण भोपाल में ऑनलाइन कैब सेवाओं पर पड़े असर से जहां चालक अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, वहीं यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

