फारस: फारस की खाड़ी में कच्चे तेल से भरे एक टैंकर पर प्रोजेक्टाइल से हमला होने की घटना सामने आई है। इस जहाज पर छह भारतीय नाविक भी मौजूद थे। हमले में चार क्रू मेंबर घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। भारतीय नाविक को मामूली चोट आई है और उसे इलाज के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, लाइबेरिया के झंडे वाला यह तेल टैंकर अल रुवैस से दुबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान मंगलवार को उस पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। घटना की जानकारी केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दी।
बाकी भारतीय नाविक सुरक्षित
जहाज पर कुल 24 क्रू मेंबर मौजूद थे। इनमें छह भारतीय नागरिक शामिल थे। हमले में घायल चार लोगों में एक भारतीय नाविक भी है। बाकी 18 क्रू मेंबर सुरक्षित बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें: रुद्राक्ष धाम में 4 ट्रॉली गोबर से बना भव्य गोवर्धन, पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने किया पूजन
भारत सरकार ने शुरू की निगरानी
भारत सरकार जहाज प्रबंधन कंपनी के लगातार संपर्क में है। सरकार की ओर से घायल नाविक को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और बाकी सभी नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
फारस की खाड़ी अंतरराष्ट्रीय तेल व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ऐसे में इस तरह की घटना से समुद्री सुरक्षा और तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ सकती हैं।

