Wednesday, October 7, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsPM Modi 25 Years: मोदी ने दिल्ली के विनायक मंदिर में पूजा...

PM Modi 25 Years: मोदी ने दिल्ली के विनायक मंदिर में पूजा की, शाह-राजनाथ समेत नेताओं ने दी बधाई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सरकार के मुखिया के रूप में अपने 25 वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली स्थित श्री विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। नरेंद्र मोदी की यह राजनीतिक-प्रशासनिक यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से शुरू हुई थी। इसके बाद 2014 में उन्होंने देश के प्रधानमंत्री का पद संभाला और 2019 तथा 2024 में लगातार दो बार जनादेश हासिल किया।

उपराष्ट्रपति ने बताया ‘प्रधान सेवक’ का सफर

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री मोदी को 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि ‘प्रधान सेवक’ के रूप में उनकी यात्रा ने समावेशी विकास की सोच को देशव्यापी अभियान में बदलने का काम किया है। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ को इस यात्रा की दिशा बताया। उपराष्ट्रपति ने मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों के अत्यधिक गरीबी से बाहर आने को बड़ी उपलब्धि बताया।

योगी बोले- जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक का सफर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके 25 वर्षों का सफर पूरे देश के लिए गौरव और खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि मोदी ने ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया और भारत की पहचान, गौरव तथा सम्मान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम किया। योगी ने उनके नेतृत्व में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित किया।

शिवराज ने बताया ऐतिहासिक पड़ाव

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष पूरे होने के दिन को अद्भुत और ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई यह यात्रा अब विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प तक पहुंच गई है। शिवराज ने प्रधानमंत्री के साथ काम करने को अपने लिए सौभाग्य बताते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

राजनाथ ने बताया ‘राष्ट्र प्रथम’ मूलमंत्र

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा की यात्रा सुशासन, जनकल्याण और ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ की भावना का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में करोड़ों लोगों को घर, पानी, शौचालय, गैस कनेक्शन और बैंकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलीं। युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप, उद्यमिता और नवाचार के नए अवसर भी बढ़े हैं।

कैबिनेट ने बताया गुजरात से भारत तक विकास का सफर

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भी प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रस्ताव पारित कर उन्हें बधाई दी। प्रस्ताव में उनकी यात्रा को ‘नेशन फर्स्ट’ और ‘सिटिजन फर्स्ट’ की भावना से प्रेरित बताया गया। इसमें गुजरात में शुरू किए गए प्रशासनिक प्रयोगों, सुशासन, डिजिटल व्यवस्था, विकास, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया गया।

अमित शाह बोले- सेवा और समर्पण के 25 वर्ष

गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई मोदी की सेवा, संघर्ष और समर्पण की यात्रा गरीबों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तीकरण, युवाओं के उत्थान और हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बन गई है। शाह ने गुजरात में कच्छ पुनर्निर्माण, ज्योतिग्राम योजना, सौर ऊर्जा और वाइब्रेंट गुजरात जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में विकसित मॉडल का विस्तार प्रधानमंत्री के रूप में पूरे देश तक हुआ।

शाह ने कहा कि आज भारत विनिर्माण, डिजिटल भुगतान, नवाचार, रक्षा उत्पादन, सेमीकंडक्टर और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

4 October to 10 October 2026
27 SEPTEMBER TO 3 OCTOBER 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन