मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन को संबोधित करते हुए दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई पर ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता, सप्लाई चेन संकट और ऊर्जा चुनौतियों के दौर में भारत और ऑस्ट्रेलिया का भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ आगे बढ़ना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के बाद ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ सेल्फी भी ली, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनीं।
प्रधानमंत्री मोदी 6 से 11 जुलाई तक तीन देशों की यात्रा पर हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वह प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें व्यापार, निवेश और व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (Comprehensive Trade Deal) पर चर्चा होगी। इसके अलावा वे मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में करीब 40 हजार भारतीय मूल के लोगों को भी संबोधित करेंगे।
PM मोदी के संबोधन की 5 बड़ी बातें
1. भारत-ऑस्ट्रेलिया भरोसेमंद साझेदार
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय कई चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे दौर में भारत और ऑस्ट्रेलिया का एक-दूसरे का भरोसेमंद साझेदार बनकर आगे बढ़ना दोनों देशों के हित में है।
2. क्लीन एनर्जी और परमाणु ऊर्जा पर जोर
उन्होंने कहा कि भारत वर्ष 2030 तक 500 गीगावॉट (GW) नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और वर्ष 2047 तक 100 गीगावॉट परमाणु ऊर्जा क्षमता विकसित करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। इस दिशा में ऑस्ट्रेलिया की तकनीक और यूरेनियम संसाधन अहम भूमिका निभा सकते हैं।
3. निवेश के विशाल अवसर
प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलियाई निवेशकों को भारत में पोर्ट, एयरपोर्ट, सड़क, रेलवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, रक्षा विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और डिजिटल सेक्टर में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते निवेश गंतव्यों में शामिल है।
4. राज्यों और संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाने का प्रस्ताव
मोदी ने दोनों देशों के राज्यों, छोटे शहरों, विश्वविद्यालयों और उद्योगों के बीच स्टेट-टू-स्टेट तथा सेक्टर-टू-सेक्टर सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि आर्थिक और शैक्षणिक संबंध और मजबूत हो सकें।
5. व्यापारिक रिश्तों को नई ऊंचाई देने का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (ECTA) के लागू होने के बाद ऑस्ट्रेलिया को भारत का निर्यात दोगुना हुआ है। अब दोनों देश व्यापक व्यापार समझौते और बिजनेस पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आज भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में लगभग 40 हजार भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करेंगे। इसके बाद 11 जुलाई को वे अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे।

