नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बंगाल, बिहार और यूपी के तूफानी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी सबसे पहले IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद बिहार के वैशाली में नीतीश सेतु का दौरा करेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। शाम को प्रधानमंत्री लखनऊ पहुंचेंगे। यहां पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल से शुरू होगा और फिर बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा। एक ही दिन में तीन राज्यों के इस दौरे में शिक्षा से लेकर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं तक कई अहम मुद्दे शामिल हैं।
IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में पहुंचे PM मोदी
पीएम मोदी IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे। यहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से बात की और उन्हें भविष्य को लेकर सलाह भी दी। इस दौरान पीएम मोदी ने प्रदर्शनी को भी देखा और युवाओं से टेक्नोलॉजी के नए आइडिया को समझा। इस मौके पर पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।
बिहार में 34,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात
पश्चिम बंगाल के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री बिहार पहुंचेंगे। दोपहर करीब 1:15 बजे वह वैशाली जिले में नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद करीब 2 बजे विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पीएम मोदी लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। साथ ही कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।
इन योजनाओं का दायरा काफी बड़ा है। इनमें सड़क संपर्क और ऊर्जा के अलावा शहरी बुनियादी ढांचा तथा जल संसाधन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ परिवहन क्षेत्र पर भी ध्यान दिया गया है। इन परियोजनाओं का मकसद बिहार में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों तक सार्वजनिक सेवाओं की पहुंच बेहतर बनाना है। इस मौके पर प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी
बिहार के बाद प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव उत्तर प्रदेश होगा। वह शाम करीब 5:30 बजे लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी का संबोधन भी होगा। कौशल दीक्षांत समारोह की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी। इसके बाद यह हर साल आयोजित होने वाला राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम बन गया है।
इस समारोह का मकसद कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पहचान देना और प्रशिक्षण पूरा कर कामकाजी दुनिया में कदम रखने वाले युवाओं का उत्साह बढ़ाना है। इस बार 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। ये प्रतिभागी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (IToT) से जुड़े हैं।
यह भी पढे़ं: पन्नू की हत्या की साजिश में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में 19 साल की सजा
युवाओं और विकास परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
प्रधानमंत्री के शनिवार के दौरे में तीनों राज्यों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं। पश्चिम बंगाल में तकनीकी शिक्षा और शोध की उपलब्धियों को केंद्र में रखा गया है। बिहार में बड़े पैमाने पर विकास परियोजनाओं के जरिए सड़क, ऊर्जा और जनसुविधाओं को मजबूत करने की तैयारी है। वहीं उत्तर प्रदेश में कौशल प्रशिक्षण हासिल कर चुके युवाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस तरह पीएम मोदी का एक दिन का यह दौरा शिक्षा, बुनियादी ढांचे और रोजगार से जुड़े कौशल के मुद्दों को एक साथ सामने लाएगा।

