ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। साथ ही उन्होंने मुआवजे देने का भी ऐलान किया है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस भीषण सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। और परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं
पीएमओ कार्यालय ने सोशल साइट एक्स (x) पर पोस्ट कर लिखा- मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हादसे पर दुख जताया
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- ग्वालियर, मध्य प्रदेश में शीतला माता मंदिर के पास एक बेकाबू ट्रक द्वारा हुए भीषण हादसे में कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर बेहद दुखद है।
इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं। घायलों की शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।
ये भी पढ़ें: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक ऑडियो संदेश जारी किया- बोले- सिस्टम को अंधभक्त चाहिए, छात्र नहीं
कैसे हुआ हादसा?
गौरतलब है कि ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। जहां ट्रक चीनोर की तरफ से आ रहा था और ढलान पर खड़ा था। रात करीब 1 बजे अचानक ब्रेक फेल होने से ट्रक ढलान से लुढ़का और पलटते हुए मंदिर के गेट में जा घुसा। दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इस घटना में अब तक 15 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। घायलों में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के दो जवान भी शामिल है।

